अजमेर में एक रेप पीड़िता ने परेशान होकर पहले जहर खाया और फिर अपने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इधर, तेज धमाके की आवाज सुनते ही परिवार के लोग उठकर घर से बाहर आ गए। यहां रेप पीड़िता तड़प रही थी। इस पर उसे जेएलएन अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर है।

मामला गुरुवार सुबह 4 बजे शहर के क्लॉक टावर थाना इलाके का है। परिवार का आरोप है कि पीड़िता को सुनील नाम का आरोपी परेशान कर रहा था। वह उसे बार-बार ब्लैकमेल कर रहा था और इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पीड़िता (22) प्रथम वर्ष की छात्रा है। अजमेर दक्षिण सीओ सुनील सिहाग ने बताया कि पीड़िता की ओर से रिपोर्ट दी गई है। इसमें बताया कि उसके पड़ोस में सुनील नाम का व्यक्ति रहता था।

सोसायटी में रहने के कारण हमारी जान-पहचान हो गई और हम उसके घर भी जाते रहते थे। इसी बीच दोनों ने एक-दूसरे का नंबर ले लिया और बातचीत करने लगे। वर्ष 2021 में आरोपी पड़ोसी ने दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। फोटो और वीडियो दिखाकर आरोपी उसे 2022 में पुष्कर के एक होटल में ले गया और वहां भी बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बीच मई 2022 में जब पीड़िता की सगाई हो गई तो आरोपी को इसकी जानकारी हुई। उसने फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए और शादी की फर्जी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी।

पीड़िता की बड़ी बहन ने बताया कि 2021 के बाद आरोपी ने उसके पास का घर छोड़ दिया और कहीं और रहने लगा। लेकिन, इसके बाद भी वह बहन को बार-बार परेशान कर रहा था। आरोपी सुनील ने पिछले कई दिनों से मेरी बहन की फर्जी शादी की फोटो शेयर कर लिखा था कि यह मेरी पत्नी है। जबकि ऐसा कुछ नहीं था और इस बात से मेरी छोटी बहन परेशान रहने लगी थी। इसे लेकर क्लॉक टावर थाने में दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया गया। लेकिन, इसके बाद भी आरोपी परेशान कर रहा था।

आरोपी से परेशान होकर उसने गुरुवार सुबह पहले फिनाइल पीया और फिर घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर आरोपी और उसके परिजन भी जेएलएन अस्पताल पहुंच गये। यहां पीड़िता की बहन और आरोपी के परिजनों के बीच हाथापाई हो गई। इस पर जेएलएन अस्पताल चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा और मामला शांत कराया।