राजस्थान के दौसा जिले के मानपुर थाना इलाके में बदमाशों का इतना खौफ हो गया है कि वे इलाके में बड़ी से बड़ी वारदात को भी अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। ताजा मामले में बदमाशों ने एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बैठाया और बाद में महिला से लूटपाट कर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बदमाशों ने एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बैठाया। फिर उसके गहने लूटकर उसे मानपुर थाने के पास छोड़कर भाग गए। इसके बाद से मानपुर थाना पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला दिल्ली के सरोजिनी नगर थाने में तैनात एक हेड कांस्टेबल की पत्नी है। वह अपने पति के पास दिल्ली जाने के लिए घर से निकलकर बालाजी मोड़ पर बस का इंतजार कर रही थी। उसी समय एक सफेद कार में सवार तीन युवकों ने लिफ्ट देने की बात कही।

इनमें से एक युवक ने खुद को पुलिस में तैनात बताते हुए स्टाफ में होने का दावा किया। उसी समय खुद को मिलिट्री स्टाफ बताने वाला एक अन्य युवक महिला को कार में लेकर रवाना हो गये। फिर उन्होंने चलती कार में महिला के गहने उतार लिए और उसे लूट लिया। इसके बाद वे महिला को मानपुर थाना क्षेत्र में छोड़कर भाग गये। पीड़ित महिला मानपुर थाने पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई।

इस पर पुलिस ने महिला को मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में रैफर कर दिया। लेकिन करीब पांच घंटे का सफर तय करने के बाद पीड़िता का पति दिल्ली से मानपुर थाने पहुंचा। तब उन्होंने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। अब पुलिस महिला के बयानों के आधार पर गाड़ी की तलाश और घटना की जांच में जुट गई है।