अजमेर के ईदगाह इलाके में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह उसका शव नीम के पेड़ पर लटका मिला। मृतक के खिलाफ बेटी से दुष्कर्म का मामला दर्ज है। घरेलू विवाद के कारण आरोपी डिप्रेशन में था। क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच में जुटी है।

क्रिश्चियनगंज थाने के एएसआई तेजाराम ने बताया कि ईदगाह में रहने वाले 45 वर्षीय व्यक्ति की आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि नीम के पेड़ पर लटके व्यक्ति को परिजन नीचे उतारकर जेएलएन अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी के खिलाफ उसकी बड़ी बेटी समेत पत्नी ने रेप का केस दर्ज कराया था।

मौके पर मौजूद रिश्तेदार ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने से मृतक डिप्रेशन में था और रात में उसने फांसी लगा ली। सुबह जब चारों बच्चे उठे तो उन्हें जानकारी हुई। पत्नी व बड़ी बेटी पीहर में रहती है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच कर रही है।