चित्तौड़गढ़ में थाने में तैनात एक कांस्टेबल पर उसकी ही राइफल से गोली चल गयी। गोली की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सिपाही रात 2 बजे से सुबह 6 बजे तक ड्यूटी पर था। यह हादसा है या आत्महत्या, फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक सिपाही के बाएं कंधे पर गोली लगी है।

मामला चित्तौड़गढ़ जिले के भैंसरोडगढ़ थाने का है। घटना के बाद एसपी राजन दुष्यंत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा और डीएसपी प्रभु लाल कुमावत थाने पहुंचे। सिपाही को ड्यूटी रायफल से ही गोली लगी। घटना मंगलवार सुबह 5:30 बजे से 5:46 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।

मृतक कांस्टेबल का नाम चेतराम गुर्जर (30) है। गुर्जर की सोमवार रात 2 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे तक ड्यूटी थी। पहरा देते समय अचानक वायरलेस रूम से गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर पुलिसकर्मी बाहर निकले तो सिपाही जमीन पर गिरा पड़ा था। पास जाकर देखा तो बायें कंधे पर गोली लगी थी और राइफल लोडेड थी।

रावतभाटा एडिशनल एसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि यह घटना कांस्टेबल की ड्यूटी खत्म होने से कुछ देर पहले हुई। किसी अन्य संतरी को चार्ज सौंपने से पहले राइफल और सभी सहायक उपकरणों को संभाल लिया जाता है।

चेतराम गुर्जर करौली का रहने वाला था। पुलिस हादसे की आशंका जता रही है, हालांकि सिपाही के तनाव में होने की बात भी सामने आई है। इसलिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।