राजस्थान के बीकानेर जिले के खाजूवाला में एक तांत्रिक ने भूत-प्रेत दूर करने के नाम पर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म किया। आरोपी पिछले एक साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। अब पीड़िता की मां ने आरोपी तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बच्ची का परिवार पिछले साल सादुलशहर के हाकमाबाद में रहने वाले तांत्रिक महेंद्र नाथ मेघवाल के संपर्क में आया था। पीड़िता के पिता को कमर में दर्द रहता था। उसे पता चला कि महेंद्र नाथ झाड़फूंक करते हैं, जिससे दर्द ठीक हो जाता है। उन्होंने महेंद्र को घर बुलाया और उसका इलाज कराया। इसके बाद तांत्रिक महेंद्र का पीड़िता के घर आना-जाना शुरू हो गया।

नाबालिग पीड़िता की तबीयत भी खराब थी, ऐसे में तांत्रिक ने कहा कि उस पर प्रेत बाधा है। इलाज के नाम पर आरोपी महेंद्र पीड़िता को कमरे में बंद कर तांत्रिक क्रिया करता था। इसी बीच आरोपी पीड़िता को डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। एक साल में आरोपी ने पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की शिकायत पर खाजूवाला पुलिस ने आरोपी तांत्रिक महेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी तांत्रिक महेंद्र के खिलाफ पहले से ही रेप का मामला दर्ज है। मामला पीड़िता के पड़ोस में रहने वाली एक लड़की ने दर्ज कराया था। आरोपी ने झाड़-फूंक के नाम पर उसके साथ भी दुष्कर्म किया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी तांत्रिक की पता लगाया जा रहा है।