जयपुर। राजस्थान कांग्रेस में काफी दिनों से जारी अंतर कलह थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब यह लड़ाई सड़कों पर आ गई है। अब तक तो महज एक दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे थे लेकिन अब कांग्रेस नेता एक दूसरे के खिलाफ पोस्टर वार पर उतर आए हैं। ऐसा ही पोस्टर वार शुरू हुआ है प्रदेश के दूसरे बड़े शहर जोधपुर में। शहर में लगे एक पोस्टर में सचिन पायलट से सवाल किया गया है कि वो संजीवनी घोटाले पर चुप क्यों हैं।

जोधपुर में लगे पोस्टर
जोधपुर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का गृह जिला भी है। जोधपुर शहर के रातानाडा चौराहे पर एक फ्लेक्स लगा है। इसमें गजेंद्र सिंह शेखावत और सचिन पायलट की फोटो है। इस पोस्टर पर लिखा है, ‘संजीवनी घोटाले पर चुप क्यों हो पायलट जी जनता जवाब मांगती है।’ इस पोस्टर में नीचे तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के फोटो लगे हैं। इनमें कुश गहलोत संगठन महामंत्री जिला कांग्रेस कमेटी जोधपुर शहर उत्तर, डॉक्चर भाकर राम विश्नोई जिला प्रवक्ता कांग्रेस कमेटी जोधपुर दक्षिण और ललित कुमार गहलोत सचिव जिला कांग्रेस कमेटी जोधपुर दक्षिण शामिल है।

गहलोत-पायलट के बीच खींचतान जारी
राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट में खींचतान चल रही है। दोनों एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। सचिन पायलट गहलोत सरकार पर भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए सरकार को घेर रहे हैं। जोधपुर में पोस्टर लगाने वाले डॉक्टर भागकर राम विश्नोई ने बताया कि सचिन पायलट संजीवनी घोटाले को लेकर चुप हैं। गजेंद्र सिंह शेखावत पर उन्होंने एक भी सवाल खड़े नहीं किए।

संजीवनी घोटाले को लेकर पायलट की जुबान क्यों बंद
वहीं सचिन पायलट की यात्रा पर गजेंद्र सिंह शेखावत भूरी-भूरी प्रशंसा कर रहे हैं आखिर यह क्या रिश्ता है। भाकरराम ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना बुरी बात नहीं है लेकिन संजीवनी घोटाले को लेकर पायलट की जुबान क्यों बंद है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।

गहलोत और पायलट समर्थकों के बीच लात-घूंसे चले
अजमेर जिले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के समर्थकों में आपस में झड़प हो गई। दोनों के समर्थक एक-दूसरे पर लाठी-डंडे लेकर टूट पड़े। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिससे दोनों पक्ष के कई लोग घायल हो गए। इस दौरान किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जब मौके पर समर्थकों को समझाने का प्रयास किया तो वह नहीं माने और पुलिस के सामने ही आपस में लड़ते रहे। फिलहाल पुलिस ने कई को हिरासत में लिया है।

खूब चले लाठी-डंडे, कई कार्यकर्ता घायल
कांग्रेस की सह प्रभारी अमृता धवन अजमेर पहुंची थीं। उनके कार्यक्रम में अशोक गहलोत और सचिन पायलट के समर्थक आए हुए थे। इसी बीच किसी बात को लेकर समर्थकों में तनातनी का माहौल बन गया। देखते ही देखते सह प्रभारी अमृता धवन के सामने ही दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। यही नहीं लाठी-डंडे भी खूब चले, जिससे कई कांग्रेसी कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।