जयपुर में सौतेले पिता द्वारा नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मां-बेटी को 5 महीने तक घर में बंधक बनाकर रखा गया। घर से निकलने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। सांगानेर थाने में पीड़िता ने आरोपी पति और जेठ के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली निवासी 35 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया कि उसके दो बच्चे हैं। बीमारी के कारण पति की मौत के बाद उसके माता-पिता ने उसकी शादी साल 2019 में सांगानेर में कर दी। शादी के बाद वह अपने बच्चों के साथ ससुराल में रहने लगी। पहले ही महीने में ससुराल वालों ने परेशान करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि उन्हें 5 महीने तक घर में नजरबंद रखा गया। पति और जेठ ने उसके और उसकी 12 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर मां-बेटी घर छोड़कर दिल्ली चली गईं। जिसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फोन करने लगा और धमकी देने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने आरोपी पति और जेठ के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।