जयपुर। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समर्थक नेता रोहिताश शर्मा के तेवर बदल गए है। उनको नोटिस थमाने वालों को विनाशकाले विपरीत बुद्धि बताने और वसुंधरा राजे की अनदेखी पर प्रदेश नेतृत्व पर सवाल उठाने वाले रोहिताश नया बयान सामने आया है। रोहिताश ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के अलवर दौरे पर कार्यकर्ताओं से उनका स्वागत सम्मान करने की अपील की है। हालांकि रोहिताश शर्मा ने कहा ​तबीयत खराब होने का कारण वे सतीश पूनिया के अलवर दौरे में फील्ड में नहीं जाएंगे।

रोहिताश शर्मा ने शेयर किया वीडियो
रोहिताश शर्मा ने एक वीडियो मैसेज शेयर कर कहा है कि थानागाजी में कुछ असामाजिक कार्यकर्ता हैं जिन्हें पार्टी की रीति नीति से लेना देना नहीं है, उन्होंने फर्जी अकांउट खोल कर दुष्प्रचार शुरू कर दिया कि सतीशजी पूनिया का स्वागत नहीं करें। ऐसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ खिलाफ कानूनी कार्रवाई करूंगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सबसे सम्मानीय पद होता है उनका जितना स्वागत किया जाए उतना कम है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता इस कार्यकम में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

मेरी किसी से कोई नाराजगी नहीं
अनबनी की बात करते हुए रोहिताश शर्मा ने कहा कि मेरी न किसी व्यक्ति से नाराजगी थी न बीजेपी से। मेरी नाराजगी कार्यकर्ताओं को नहीं संभालने पर थी। अब हमारे प्रदेशाध्यक्ष कार्यकर्ताओं के बीच जा रहे हैं तो इससे उनमें जोश आएगा। हम लोकतांत्रिक व्यवस्था में हैं तो कार्यकर्ता के मन की आवाज उठानी ही चाहिए। मेरी तबीयत खराब है इसलिए मैं फील्ड में नहीं गया।

पिछले सप्ताह ही दिया था नोटिस का जवाब
आपको बता दें कि रोहिताश शर्मा को पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करने पर नोटिस दिया गया था। पिछले सप्ताह रोहिताश ने नोटिस का जवाब दिया था। जिसमें उन्होंने अनुशासनहीनता के आरोपों से इनकार करते हुए पार्टी फॉर्म पर बात उठाने का तर्क दिया था। इसके साथ ही उन्होंने वसुंधरा राजे की अनदेखी पर भी नेताओं पर निशाना साधा था।