जयपुर। राजस्थान के बाड़मेर जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। जोधपुर-बाड़मेर हाईवे पर भांडी गांव के पास ट्रेलर और निजी ट्रैवल्स बस में टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 23 घायलों को बालोतरा के नाहटा अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने दी है। उन्होंने बताया कि इसमें से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को जोधपुर रेफर किया गया है। घायलों में से एक की मृत्यु हुई है। बाकी घायलों का उपचार प्रारंभ किया गया है। हादसा सुबह 10.30 बजे हुआ।

तीन दमकलों ने आधे घंटे में पाया आग पर काबू
शुरुआत में 5 लोगों की मौत की खबर आई, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़ती गई। हादसे में बस और ट्रेलर दोनो वाहनों के कुल 23 लोग घायल हुए हैं। सभी को बालोतरा के अस्पताल ले जाया गया है। सूचना के बाद पचपदरा, बालोतरा और रिफाइनरी की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। तीन दमकलों ने आधे घंटे में दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया।

अभी तक सवारियों की पहचान नहीं हुई
पचपदरा विधायक मदन प्रजापत ने मौके से जानकारी दी है कि बस में सवार तीन लोग तमिलनाडु, दो बीकानेर और अन्यत्र के हैं। अभी तक सभी की पूरी पहचान नहीं हो पाई है। विधायक ने कहा कि 21 लोगों को बचा लिया गया है। बस में कितने लोग है। इसकी पुष्टि नहीं हुई है। यह बस बालोतरा से रवाना हुई थी और जोधपुर जा रही थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पचपदरा थानाधिकारी प्रदीप डांगा, एसपी दीपक भार्गव, जिला कलेक्टर लोकबंधु, सम्भागीय आयुक्त डॉ राजेश शर्मा और प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई भी घटनास्थल पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने दिए राहत-बचाव निर्देश, वसुंधरा राजे ने जताया दु:ख
घटना के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिस और प्रशासन को राहत बचाव में मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है। वहीं, प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने अपने ट्विटर पेज पर लिखा, जोधपुर-बाड़मेर हाइवे पर पचपदरा के पास बस व टैंकर के बीच हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कई यात्रियों के हताहत होने का दुःखद समाचार मिला। मैं ईश्वर से सभी यात्रियों की कुशलता एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करती हूं।