जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव से आठ महीने पहले बीजेपी ने सतीश पूनिया की जगह चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी को बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाकर संगठन में अहम बदलाव किया है। चंद्र प्रकाश जोशी चित्तौड़गढ़ से दो बार के लोकसभा सांसद हैं। उन्होंने इस सीट से पहली बार 2014 और फिर 2019 में चुनाव जीता। जोशी बीजेपी की यूथ विंग भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं।

पूनिया की विदाई के पीछे कई अटकलें
आपको बता दें कि पूनिया को 15 सितंबर 2019 को बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया था जिसके बाद वह इस पद पर साढ़े तीन साल तक रहे। पूनिया ने प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर गहलोत सरकार के खिलाफ कई जन आंदोलन किए और जन आक्रोश रैली की अगुवाई की। वहीं पूनिया की विदाई के पीछे कई वजहों पर अटकलें चल रही हैं चाहे वह बीजेपी सांसद किरोड़ीलाल मीणा का उनके खिलाफ मोर्चा खोलना हो या वसुंधरा राजे के जन्मदिन पर ही संगठन की ओर से समानांतर कार्यक्रम चलाना। दरअसल बीजेपी राज्य के चुनावों से पहले सीएम फेस को लेकर मची कलह को दूर करना चाहती है लेकिन बीते दिनों की गतिविधियों से वह दूर की कौड़ी लग रही है।

जन आक्रोश रैली का फीडबैक
बीजेपी की ओर से पिछले साल गहलोत सरकार के खिलाफ जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया था जहां बीजेपी के जनाक्रोशी रथ को रवाना करने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे थे। वहीं इस दौरान नड्डा के कार्यक्रम में कई कुर्सियां खाली पड़ी दिखाई दी जिसके बाद बताया गया कि वसुंधरा राजे खेमा से जुड़े लोग और उनके समर्थक कार्यक्रम में नहीं पहुंचे थे।

रैली के दौरान कार्यकर्ता आपस में उलझने
वहीं बीजेपी के सूत्रों ने बताया कि जन आक्रोश रैली का पूरा फीडबैक अरूण सिंह ने आलाकमान तक पहुंचाया था जिसके बाद बीजेपी ने गुटबाजी से पार पाने के लिए कदम उठाने तेज कर दिए। वहीं जन आक्रोश रैली के दौरान कई जिलों में बीजेपी कार्यकर्ताओं के आपस में उलझने की भी खबरें सामने आई थी जिससे अभियान को लेकर कांग्रेस ने भी बीजेपी को घेरा था।

किरोड़ी लाल ने खोला था मोर्चा
वहीं बीते महीने बीजेपी सांसद किरोड़ी लाल मीणा के पेपर लीक आंदोलन के आखिरी दिन मीडिया से बात करते हुए सांसद ने सतीश पूनिया पर गंभीर आरोप लगाए थे। किरोड़ीलाल ने कहा था कि पूनिया ने पेपर लीक को लेकर उनके साथ युवा मोर्चा को लेकर आंदोलन करने का कहा था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। किरोड़ीलाल ने कहा था कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर मुझे प्रदेशाध्यक्ष से यह उम्मीद नहीं थी। वहीं सांसद के इस बयान के बाद पूनिया ने कहा था कि यह सांसद के निजी विचार है।

राजे के जन्मदिन पर हुआ अलग कार्यक्रम
वहीं हाल में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के जन्मदिन कार्यक्रम के दिन केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने राज्य में गहलोत सरकार को घेरने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम किए। राजे ने जन्मदिन के मौके पर सालासर में एक बड़ा कार्यक्रम कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया वहीं उसी दिन जयपुर में प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और इस दिन ही दिल्ली में गजेंद्र सिंह शेखावत ने गहलोत के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया।

नेता प्रतिपक्ष का इंतजार
वहीं राजस्थान में बीजेपी की तरफ से नेता प्रतिपक्ष कौन होगा, इसपर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। गुलाबचंद कटारिया के असम का राज्यपाल बनाए जाने के बाद ये पद खाली हुआ था।

कौन हैं सीपी जोशी?
सीपी जोशी राजस्थान की चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट से सांसद हैं। उन्होंने साल 2014 में पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा था। इसके बाद पार्टी ने दोबारा उन पर भरोसा जताया और उन्हें टिकट दिया। जोशी पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरे और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी जीत हासिल की। इससे पहले सीपी जोशी पंचायत समिति के सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा जोशी भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।वे अभी पार्टी के उपाध्यक्ष हैं।