जयपुर। राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने एक बार ​कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला है। वसुंधरा राजे इन दिनों हाड़ौती संभाग के दौरे पर हैं और कई विधानसभाओं में सभाएं कर रही हैं। पूर्व सीएम अपनी सभाओं में अशोक गहलोत पर जमकर बरस भी रही हैं। पूर्व सीएम ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि ईआरसीपी की परियोजना बीजेपी सरकार ने शुरू की थी, जिसे अब पूरा भी बीजेपी सरकार ही करेगी। उन्होंने कहा कि हमारा काम जनता के लाभ की योजनाओं को आगे बढ़ाने का है जबकि, गहलोत सरकार का काम उन्हें अटकाने का है।

‘चमकने वाले चेहरे, लंबा नहीं टिकते’
वसुंधरा राजे ने कहा कि बीजेपी सरकार आएगी और ऐसा सिस्टम बनाएगी कि कभी पेपर लीक नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में जो चमकते सितारे दिखते हैं, उनकी चमक लंबी नहीं होती। राजनीति में जो सीधे और सरल स्वभाव के होते हैं, उनकी चमक स्थाई होती है। पूर्व सीएम ने बीजेपी के बारां-अटरु, अन्ता, बांरा, किशनगंज और छबड़ा में प्रत्याशी कंवर लाल मीणा, ललित मीणा, राधेश्याम बैरवा और प्रताप सिंह सिंघवी के समर्थन में कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करते हुए कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया।

बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी
पूर्व सीएम राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चमत्कारी नेतृत्व में बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। पीएम मोदी विश्व के लोकप्रिय नेता हैं, जिनके प्रयास से राम मंदिर जनवरी में बन कर तैयार होगा और पूरा देश उसके दर्शन करेगा। आज पूरी दुनिया भारत की और देख रही है। अपना देश अभी शीर्ष पांच में है आने वाले दिनों तीसरे नंबर पर आ जाएगा। यह सब बीजेपी सरकार की वजह से ही हुआ है।

गहलोत ने विधायकों को दे रखी है लूटपाट की छूट
राजे ने कहा सीएम गहलोत ने अपने विधायकों को छूट दे रखी है। खूब लूटपाट करो। प्रदेश में इस काम में सबसे ऊंचाई बारां जिले ने और देश में राजस्थान ने छुई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए उनकी सरकार ने जो अभय कमांड सेंटर खोले थे, वह इस सरकार ने बंद करवा दिए। इससे प्रदेश में अपराध अनियंत्रित हो गए और प्रदेश महिला, दलित अत्यचार में अव्वल हो गया।

इस तरह रहेगा वसुंधरा का दो दिवसीय दौरा
वसुंधरा राजे नौ और 10 नंवबर को अपने दो दिवसीय कोटा संभाग के दौरे पर रहेंगी। बीजेपी पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नौ नवंबर को झालरापाटन विधानसभा के पिड़ावा, हरनावदा गजा, ढ़ाबलाभोज, दांता, बोलिया बारी, सरखेड़ी, रामपुरिया, शेरपुर, गुराड़िया, धरोनियां, हनोतिया, हिम्मतगढ़, तेलियाखेड़ी, बानौर, चंवली, कालीतलाई, सुवांस, राजपुर होते हुए झालावाड़ में रात्रि विश्राम करेंगी।

10 नवंबर का कार्यक्रम इस प्रकार है
वहीं 10 नवंबर को पूर्व सीएम डग विधानसभा के भिलवाड़ी, पिपलिया, गरनावद, घटोद, सुलिया, भवानीमंडी, गुराड़िया जोगा, भैसानी, मिश्रोली, सिलेहगढ़, करावन, पगारिया, गुराड़िया कलां, हरनावदा, डग, रोझाना, गंगधार, चैमहला, तलावली होते हुए उन्हैल होते हुए नागेश्वर में रात्रि विश्राम करेंगी। पूर्व जिलाध्यक्ष जैन ने बताया कि वसुंधरा राजे अपने इन दौरों में कार्यकर्ताओं सहित आम जनता से बातचीत करेंगी।

वसुंधरा राजे कांग्रेस के खिलाफ खोला मोर्चा
सूबे की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि पांच साल में हजारों किसानों की जमीन कुर्क हो गई, लेकिन अशोक गहलोत सरकार ने किसानों की सुध नहीं ली। वसुंधरा ने कहा कि कांग्रेस ने साल 2018 के चुनावी घोषणा-पत्र में किसान कर्ज माफी का वादा किया था। उस समय कांग्रेस ने यह नहीं कहा था कि केवल सहकारी बैंकों का ही कर्ज माफ करेंगे। राहुल गांधी ने भी कर्ज माफ करने का वादा किया था। उन्होंने भी सहकारी बैंकों तक ही सीमित रहने की बात नहीं कही थी।

किसानों के साथ वादाखिलाफी, जनता सिखाएंगी सबक
प्रदेश की दो बार की सीएम राजे ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ वादाखिलाफी की है। प्रदेश का किसान आगामी चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाएगा। भाजपा विधानसभा चुनाव में इस मुददे को लेकर किसानों के बीच जाएगी। किसानों से पूछा जाएगा कि कर्ज माफी के वादे का क्या हुआ।

‘रक्षक ही बन रहे भक्षक’
बीजेपी नेता वसुंधरा राजे ने बीते दिनों सीएम अशोक गहलोत पर जमकर हमला बोला। उन्होंने राजस्थान में आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं बढ़ीं है। उन्होंने राज्य में अपराध पर नियंत्रण के मामले में गहलोत सरकार को असफल करार दिया है। वसुंधरा राजे ने यहां तक कह डाला कि दुष्कर्म की घटना में प्रदेश सबसे पहले है। प्रदेश में रक्षक ही भक्षक बन रहे हैं। गहलोत सरकार को कुर्सी पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है।