जयपुुर। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले देश में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। 25 नवंबर को राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने जा रहा है। राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं, लेकिन श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर कांग्रस के उम्मीदवार के निधन के बाद मतदान 199 सीट पर ही होगा। चुनाव में जिन विधानसभा क्षेत्रों पर लोगों की खास नजर रहेगी उनमें से एक है झालरापाटन विधानसभा सीट, जहां से बीजेपी की कद्दावर नेता वसुंधरा राजे चुनाव लड़ रही हैं। झालावाड़ राजे का गृहक्षेत्र हैं और उनके परिवार का यहां दबदबा है। उनके बेटे दुष्यंत कुमार इस सीट से सांसद हैं। वसुंधरा राजे के परिवार का यहां इतना प्रभाव है कि कोई जातिगत समीकरण और मुद्दे यहां बहुत प्रभाव नहीं डालते हैं।

सबसे हॉट सीटों में से एक झालरापाटन
राजस्थान की सबसे हॉट सीटों में से एक झालरापाटन पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का गढ़ है। इस विधानसभा सीट पर वसुंधरा राजे का पिछले 34 वर्षों से कब्जा रहा है। वह यहां से 5 बार विधायक और 4 बार सांसद रह चुकी हैं। इस बार उन्होंने 10वीं बार यहां से नामांकन दाखिल किया है। राजस्‍थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

वसुंधरा राजे के सामने रामलाल चौहान
इस पर चुनाव में वसुंधरा राजे के सामने झालरापाटन से कांग्रेस ने रामलाल चौहान को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने स्थानीय चेहरे पर दांव खेला है। रामलाल चौहान को प्रत्याशी बनाकर कांग्रेस ने सबको चौंका दिया है। रामलाल पूर्व में प्रधान रह चुके हैं। एक पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व प्रधान के बीच यह मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है जिस पर पूरे प्रदेश ही नहीं देश की नजर रहेगी।

वसुंधरा राजे का गढ़ है झालरापाटन
वसुंधरा राजे झालरापाटन सीट से पांचवीं बार चुनावी मैदान में हैं। यह सीट पूर्व सीएम का गढ़ माना जाता है। वे लगातार चार बार यहां से चुनाव जीत चुकी हैं। इस बार के चुनाव में वे नाराज चल रही थीं, यही वजह है कि बीजेपी ने जब उम्मीदवारों की सूची जारी की तो पहली सूची में उनका नाम सामने नहीं आया, हालांकि दूसरी सूची में वसुंधरा राजे का नाम था और वे अपनी परंपरागत सीट से ही पांचवीं बार चुनावी मैदान में हैं। वसुंधरा राजे को सीएम फेस घोषित तो नहीं किया गया है, लेकिन अगर बीजेपी यहां चुनाव जीतती है तो वसुंधरा की मजबूत दावेदारी सीएम पद को लेकर रहेगी।

क्या है झालरापाटन सीट का चुनावी समीकरण
साल 2003 में वसुंधरा राजे को झालरापाटन से टिकट दिया गया। उसके बाद से ही लगातार यहां वसुंधरा राजे जीतकर आ रही हैं। वर्ष 2003 में वसुंधरा राजे को 72760 वोट मिले और वोट प्रतिशत 59 प्रतिशत रहा। उन्होंने कांग्रेस की रामा पायलट को हराया। पायलट को 45385 वोट मिले। वोट प्रतिशत 37 रहा। वसुंधरा यहां से पहली बार 27701 वोटों से विजय घोषित की गई। उसके बाद यह कारंवा रुका नहीं और निरंतर बढ़ता चला गया।

2018 में कांग्रेस के मानवेंद्र सिंह को 34,980 वोटों से हराया
झालरापाटन सीट राजस्थान के झालावाड़ जिले के अंतर्गत आता है। इस सीट पर वसुंधरा राजे का दबदबा रहा है। वसुंधरा राजे प्रदेश की पहली महिला मुख्यमंत्री भी रही हैं। झालरापाटन सीट से वसुंधरा राजे ने 2018 के चुनाव में कांग्रेस के मानवेंद्र सिंह को 34,980 वोटों से हराया था।

हाड़ौती की 17 सीटों में से 10 सीटों पर जीती थी बीजेपी
हाड़ौती पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का इलाका माना जाता है। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में यहां से बीजेपी कांग्रेस से मजबूत स्थिति में थी। हाड़ौती की कुल 17 सीटों में से बीजेपी को 10 सीटों पर जीत मिली थी। जबकि कांग्रेस 7 सीट पर ही जीत हासिल कर पाई थी। वसुंधरा राजे ग्वालियर की सिंधिया राजघराने की बेटी और धौलपुर राजघराने की बहू हैं।

यहां कोई जातिगत समीकरण काम नहीं करते
झालरापाटन विधानसभा में कई जातियां हैं लेकिन यहां जातिगत समीकरण काम नहीं करते, वसुंधरा राजे के नाम पर यहां एक तरफा वोट पड़ते हैं। कांग्रेस ने यहां जातिगत के साथ प्रभावशाली लोगों को उतारने का प्रयास किया लेकिन वह विफल रही। झालरापाटन विधानसभा बीजेपी का मजबूत गढ़ बन गई है।

भ्रष्टाचार के बाद हार का रिकॉर्ड भी बनाएगी गहलोत सरकार
वसुंधरा राजे ने एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए अशोक गहलोत पर जमकर हमला बोला। राजे ने कहा कि गहलोत सरकार ने भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बनाया है, इस बार हारने का भी कीर्तिमान बनेगा। उन्होंने कहा कि सीएम अशोक गहलोत के भ्रष्टतंत्र ने राजस्थान को लगातार 5 साल पीछे धकेलना का काम किया है। देश में सबसे अधिक भ्रष्टाचार आज राजस्थान में है।

पिछले बजट की योजनाएं जमीन पर नहीं उतरीं : राजे
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि पिछले बजट में जितनी भी अशोक गहलोत की घोषणाएं थीं, वो जमीन पर नहीं उतरी हैं। हालांकि, बोलने में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। हर जगह जाकर पत्थर लगाकर अपना नाम छोड़ रहे हैं। लोगों को कह रहे हैं कि जो मांगोगे, वह मिलेगा, 4 साल कुछ नहीं किया और अब लोगों के सामने हाथ-पैर जोड़कर लोक लुभावने वादे कर रहे हैं।

राजस्थान अपराध में बन गया नंबर वन
वसुंधरा राजे ने बीते 5 साल में राजस्थान में बढ़े अपराध, महिला अत्याचार, पेपर लीक जैसे तमाम मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्जा माफ करने की बात कही लेकिन वो भी नहीं हुआ, युवाओं को रोजगार नहीं मिला, यहां पर बहन- बेटियां और छोटी बच्ची तक सुरक्षित नहीं हैं।