जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की 41 उम्मीदवारों की लिस्ट आने के बाद बगावत जारी है। सूत्रों का कहना है कि बगावत की बड़ी वजह पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का खेमा है। माना जा रहा है कि पार्टी ने टिकट बंटवारे में वसुंधरा राजे के खेमे के नेताओं को साइडलाइन कर दिया। बीजेपी ने पहली लिस्ट में सात सांसदों को भी टिकट दिया गया है। इन सांसदों का विरोध शुरू हो गया है। कई जगहों पर कार्यकर्ता इन सांसदों के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं तो कहीं पर काले झंडे दिखाए जा रहे हैं।

भाजपा की अगली सूची के लिए दिल्ली में मंथन
विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी इसी सप्ताह में अपने प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर सकती है। इसे लेकर आज दिल्ली में कोर ग्रुप में मंथन होगा। इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक भी प्रस्तावित है। कांग्रेस भले ही अपने प्रत्याशियों को लेकर आम सहमति नहीं बना पा रही हो, लेकिन भाजपा अपनी दूसरी प्रत्याशियों की सूची जारी करने की तैयारी में है। भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची को लेकर मंथन पूरा हो चुका है। कुछ नामों पर गुरुवार को दिल्ली में एक बार फिर मंथन का दौर जारी है। शाम करीब चार बजे कोर ग्रुप की बैठक होगी। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक भी प्रस्तावित है।

80 से ज्यादा सीटों पर दोबारा होगी चर्चा
दिल्ली में हो रही प्रदेश भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक में करीब 80 से ज्यादा सीटों पर दोबारा चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि विधायकों की सीटों पर तो चर्चा हो चुकी है, बाकी सीटों पर विस्तार से एक बार फिर चर्चा होगी। बीजेपी शेष सभी सीटों पर सिंगल और दो नाम के पैनल तैयार कर रही है। संभवतः आज शाम को केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक हो सकती है, जिसमें कोर ग्रुप 80 से ज्यादा सीटों के नाम रख सकता है। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी सूत्रों की मानें तो गुरुवार शाम या फिर शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें दावेदारों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। यानी, बीजेपी इसी सप्ताह में दूसरी प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है।

राजे सहित कई नेता पहुंचे दिल्ली
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में होने वाली कोर ग्रुप की बैठक में भाग लेने के लिए नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी बुधवार रात को दिल्ली पहुंच गए। इस बैठक में प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, सह प्रभारी विजया राहटकर, सह चुनाव प्रभारी नितिन पटेल, कुलदीप विश्नोई, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौघरी शामिल होंगे।

वसुंधरा राजे ने जेपी नड्डा के आगमन पर किया स्वागत
प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आगमन पर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया है। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर यह जानकारी साझा की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी. नड्डा जी के राजस्थान आगमन पर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन है।