जयपुर। राजस्थान की पूर्व सीएम और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया अलवर में विजय नगर में चल रही महाशिवपुराण कथा में भाग लिया और यहां करीब एक घंटे बैठकर कथा सुनी। यह कथा पंडित प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उनका आशीर्वाद लिया। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने कहा कि साधु संतों ने सनातन धर्म को देश-विदेश में फैलाने का काम किया है। जिसमें कथावाचक प्रदीप मिश्रा भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सनातन के लिए काम करने वाला कार्य सराहनीय है।

मनुष्य को जीवन में अच्छे कर्म करने चाहिए
इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में अच्छे कर्म करने चाहिए। उन्होंने कहा कि साधु संतों के जो यज्ञ होते हैं, अगर उसके समापन पर बारिश आ जाए तो इसका मतलब है कि उस आयोजन और यज्ञ को भगवान ने स्वीकार कर लिया और मैसेज दिया है कि भगवान उनके साथ हैं। उन्होंने यह बात मीडिया से बात करते हुए कही।

‘मनुष्य और मौसम एक जैसे, कब बदल जाए पता ही नहीं’
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के बयान से प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। वसुंधरा राजे ने इशारों में अपने धुर विरोधियों पर जमकर निशाना साधा है। वसुंधरा राजे के एक बयान ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। उन्होंने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की बात का समर्थन करते हुए कहा कि मनुष्य और मौसम एक जैसे हैं। ये दोनों कब बदल जाये पता ही नहीं चलता, लेकिन सभी मनुष्य एक जैसे नहीं होते। उनके उस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

राजे बोलीं- मैं शिवभक्त हूं
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ये बातें मंगलवार को अलवर में आयोजित शिव महापुराण कथा सोपान के अवसर पर कहीं हैं। उन्होंने कहा कि जीवन संघर्ष भी एक समुद्र मंथन जैसा ही है। जिसमें से अमृत ही नहीं, विष भी निकलता है। उस विष को पीने वाला ही सच्चा शिव भक्त होता है। वसुंधरा राजे ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं शिव भक्त हूं। शिव के सहारे हूं। यदि शिव को अपनाना है तो सत्य पर रहो, फिर आपको किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है।

सुख-दुख जिंदगी में आते रहते हैं, कभी हौसला नहीं खोना चाहिए
पंडित प्रदीप मिश्रा के प्रवचन का उदाहरण देते हुए वसुंधरा राजे ने कहा कि मनुष्य और मौसम हमेशा बदलते हैं और बहुत लोग ऐसे हैं जो विश्वास करते हैं और आगे बढ़ते हैं। हमेशा अच्छे कर्म करने से उनके आगे बढ़ने को कोई नहीं रोक सकता। सुख-दुख जिंदगी में आते रहते हैं, लेकिन आदमी को कभी हौसला नहीं खोना चाहिए।

अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनवाया
वसुंधरा राजे ने कहा कि आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जिस प्रकार से भारतीय संस्कृति का पुनरुद्धार हो रहा है। वह अद्भुत है। उन्होंने वाराणसी में काशी विश्वनाथ और उज्जैन में महाकालेश्वर का भव्य कोरिडोर बनवाया। अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनवाया। मैं मानती हूं कि भगवान शिव की मोदी जी पर बड़ी कृपा है, इसलिए उन्हें 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने का अवसर भी मिला है। सत्य ही ईश्वर है। सत्य ही शिव है।

राजे ने कथा समापन के बाद आरती में भी लिया भाग
इससे पहले धर्म सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस भीषण उमस बड़े माहौल में भारी संख्या में भक्तजन आए हैं। उन्होंने धर्म सभा में जनसैलाब का आभार व्यक्त किया और कहा कि भोले बाबा के सहारे मुझे दर्शन करने का सौभाग्य मिल रहा है। इस दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, अलवर शहर विधायक संजय शर्मा सभापति घनश्याम गुर्जर पूर्व मंत्री जसवंत सिंह यादव, डॉ. किरण यादव, जयराम जाटव सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने धर्म सभा को भी संबोधित किया। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने कथा समापन के बाद आरती में भी भाग लिया।

सीएम फेस को लेकर सियासी खींचतान
आपको बता दें कि राजस्थान भाजपा में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर खींचतान जारी है। वसुंधरा राजे समर्थक लगातार सीएम फेस घोषित करने की मांग करते रहे हैं। जबकि वसुंधरा राजे के धुर विरोधियों का कहना है कि चुनाव में पीएम मोदी ही चेहरा होंगे। विधानसभा चुनाव पीएम मोदी के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा।