जयपुर। राजस्थान में सबसे ज़्यादा महंगी बिजली और पेट्रोल है। दुष्कर्म, महिला अत्याचार, रीट मामला, किसान क़र्ज़ा सभी में राजस्थान सबसे आगे हैं। कांग्रेस के राज में प्रदेश में बीते कुछ सालों से जंगलराज कायम है। सीएम अशोक गहलोत ने पिछली बार चुनाव में जो वादा किया था उसमें से एक भी पूरा नहीं हुआ है। कांग्रेस ने कहा कि किसानों को कर्ज माफ कर देंगे, लेकिन कर्ज माफी से लेेकर बेरोजगारी, अपराध सहित कई मामलोंं में राजस्‍थान देशभर में पहले स्‍थान पर है। कन्हैयालाल की आत्मा आज भी चीख रही है, विद्यालय में दुष्कर्म हो रहा, रक्षक-भक्षक बने हुए है। 10 दिन में लोन माफी का वादा करके सत्ता में आई गहलोत सरकार आज हर मोर्चे पर असफल साबित हुई हैै। कोटा महारैली में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने अशोक गहलोत सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि अब तक 4 दर्जन से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। उनका कर्ज माफ नहीं किया गया, जमीन भी कुर्क कर ली।

राजस्‍थान में आम आदमी का जीना हुआ दुश्वार
कोटा में आयोजित की गई महारैली को लेकर वसुंधरा राजे ने अशोक गहलोत सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्‍होंनेे कहा है कि भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, अराजकता, दुष्कर्म, अत्याचार के कारण आम आदमी का जीना राजस्थान में दुश्वार हो गया है। वसुंधरा राजे ने देश के मुद्दे नहीं उठाए, बल्कि प्रदेश और स्थानीय मुद्दों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि कोटा शहर में लूटपाट हो रही है, विकास के नाम पर कई लोगों की मौत हो चुकी है।

लोग फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर
पूर्व सीएम राजे ने कहा कि अशोक गहलोत ने कोटा का एयरपोर्ट उलझाया, लोग फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर हो रहे हैं। कांग्रेस सरकार जनता के हित में कोई कार्य नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि कोटा जैसी परेशानियां बूंदी, बारां और झालावाड़ में भी हैं और मैं मानती हूं कि यह सरकार हाड़ौती की उपेक्षा कर रही है।

19,500 किसानों की भूमि कुर्क की
वसुंधरा राजे ने कहा कि प्रदेश में अब तक 4 दर्जन से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। वहीं कांग्रेस ने किसानों का कर्जा माफ किया नहीं उल्टा इस सरकार ने 19,500 किसानों की भूमि को कुर्क कर दिया है, जिससे किसान हताश परेशान हो चुके है। बीते कुछ सालों से अन्‍नदाता किसानों को कई प्रकार की परेशानियों से जुझना पड रहा है। 10 दिन में लोन माफी का वादा करके सत्ता में आई गहलोत सरकार आज हर मोर्चे पर असफल साबित हुई हैै।

‘हम सिर्फ चुनाव ही नहीं, लोगों का दिल भी जीतते हैं’
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कहा कि कांग्रेस सत्‍ता में आने के लिए कुछ भी कर सकती है। उन्‍होंने कहा कि हम सिर्फ चुनाव ही नहीं, लोगों का दिल भी जीतते हैं। सभी राजनीतिक दल जीतने के लिए ही चुनाव लड़ते हैं, पर हम सिर्फ़ चुनाव ही नहीं, लोगों का दिल भी जीतते हैं। अब समय आ गया है कि हर बूथ पर जाएं और लोगों का दिल जीतें। बीजेपी की ऐसी सरकार बनाएं, जिसमें सब सुखी हों, हर व्यक्ति की उन्नति हो। 36 की 36 कौम सुख,शांति समृद्धि के साथ रहें।

भामाशाह योजना का नाम बदलकर कर दिया चिरंजीवी
वसुंधरा राजे ने कहा कि हमने मुफ्त इलाज के लिए भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की, उसका नाम बदल कर इन्होंने चिरंजीवी स्वास्थ्य कर दिया। हमारी योजना में सब अस्पतालों में गरीबों का फ्री इलाज होता था। इनकी योजना में बड़े अस्पताल गरीब मरीज को घुसने तक नहीं देते। कहने को तो यह इस योजना में 25 लाख तक का इलाज होता है, लेकिन 2021 से लेकर अब तक औसतन 11500 रुपये भी चिरंजीवी योजना में एक मरीज पर खर्च नहीं हुए।

‘हम देना चाहते थे महिलाओं को आरक्षण लेकिन…’
पूूर्व सीएम राजे ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को हमने 50 प्रतिशत आरक्षण दिया पर कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ अदालत में चली गई। पहली बार देश में हमने महिलाओं को पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। हम तो नगर निकाय चुनाव में भी महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस हमारे इस फैसले के खिलाफ अदालत में चली गई और महिलाओं को मिलने वाला यह आरक्षण रुक गया।

2024 में फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है
वसुंधरा ने केन्द्र सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए पहले विधानसभा में जीत का आशीर्वाद मांगा तो लोकसभा चुनाव जीतने का मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा के बाद 2024 में फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है और देश को विश्व का सिरमौर बनाना है। अंत में अटल जी की दो पंक्तियां- अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा बोलकर अपनी बात को पूरा किया।

8 जुलाई को पीएम मोदी आएंगे बीकानेर
पीएम नरेंद्र मोदी कि राजस्थान पर विशेष नजर है,एक ओर कांग्रेस सत्ता में बने रहने के लिए कर्नाटक मॉडल का जाल बिछा रही है, तो वहीं बीजेपी भी सत्ता में फिर से वापसी के लिए जीतोड़ मेहनत कर रही है। पीएम नरेंद्र मोदी,अमित शाह समेत बीजेपी हाईकमान की राजस्थान पर विशेष नजरे हैं। इसी क्रम में 8 जुलाई को नरेंद्र मोदी राजस्थान के बीकानेर के दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।