जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ताबड़तोड़ बैठकों का दौर जारी है, साथ में साभाएं भी चल रही हैं। राजस्थान में एक ट्रेंड रहा है कि वहां हर चुनाव में सत्ता बदलती है। यह ट्रेंड इस लिहाज से बीजेपी के पक्ष में है कि अभी राजस्थान में कांग्रेस सत्ता में है और बीजेपी का दावा है कि राज्य में सत्ता विरोधी रुझान है। बीजेपी लगातार कभी करप्शन के मसले पर तो कभी कानून-व्यवस्था के मसले पर कांग्रेस सरकार को घेर रही है। इसी बीच विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की भूमिका को लेकर उठ रहे सवाल पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने बड़ा बयान दिया है।

वसुंधरा राजे की भूमिका पर सीपी जोशी का बड़ा बयान
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि पूर्व सीएम वसुंधरा राजे परिवर्तन यात्राओं में सबसे आगे रहेंगी। हालांकि चुनाव में पार्टी फेस के सवाल जोशी ने कहा कि चेहरा तो पीएम मोदी ही रहेगा। इसके साथ ही जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के मीडिया इंटरव्यू में लगाए आराेपों पर भी पलटवार किया है।

मुख्यमंत्री बार-बार कर रहे गुमराह
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी मीडिया से रूबरू हुए। जोशी ने मीडिया इंटरव्यू में सीएम अशोक गहलोत की ओर से पीएम मोदी, महंगाई सहित अन्य बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घुमा फिरा के बार-बार गुमराह करने का असफल प्रयास करते हैं।

परिवर्तन यात्राओं में सबसे आगे रहेंगी वसुंधरा राजे
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में जोशी ने कहा कि हमारी पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं, पार्टी की सम्मानीय नेता हैं। जब जरूरत होती है तब बैठकों में उपस्थित रहती हैं। आज भी वर्चुअल मीटिंग में शामिल हुईं। आप देखोगे परिवर्तन यात्रा में वसुंधरा राजे का सान्निध्य मिलेगा। किसने कहा, कमी रही है, यात्राओं को देखें सबसे आगे वसुंधरा राजे रहेंगी। जब भी बैठक हुई मार्गदर्शन मिला।

सीएम गहलोत के बयानों पर पलटवार
जोशी ने कहा कि घोषणा वीर मुख्यमंत्री कहते हैं कि नेहरू जी नहीं होते तो ऐसा नहीं होता. जबकि हकीकत यह है कि देश में कई प्रधानमंत्री आए, लेकिन पहली बार सुविधाएं मुहैया कराने का काम किसी ने किया तो मोदी सरकार ने किया। चंद्रमा की दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला देश है तो भारत है। पहले की सरकारों में वैज्ञानिकों को सुविधा नहीं मिलती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों को सुविधाओं के साथ गले लगाकर हाैंसला अफजाई भी की जिससे लक्ष्य हासिल किया गया। पहले तो वैज्ञानिकों के खिलाफ षड्यंत्र कर जेल भेजा जाता था।

प्रदेश में महंगाई बेकाबू
महंगाई को लेकर सीएम गहलोत के बयान पर जोशी ने कहा कि साढे 4 साल में महंगाई नियंत्रण के लिए राज्य सरकार ने एक भी प्रयास नहीं किया। पेट्रोल डीजल पर केंद्र सरकार ने वेट कम कर दिए लेकिन राज्य सरकार जनता की जेब काटने में लगी है। महंगाई कोई मुद्दा नहीं कहने वाले गहलोत बताएं हनुमानगढ, गंगानगर नगर से लोग पंजाब में पेट्रोल डीजल लेने जाते हैं।