प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान में चुनावी दौरा जारी है। प्रधानमंत्री ने पाली के जाडन में सभा को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि राजस्थान में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं और यहां के मुख्यमंत्री सर्टिफिकेट देते हैं कि वे फर्जी शिकायतें दर्ज कराते हैं। यह महिलाओं का अपमान है।

मोदी ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार ने आपका मोबाइल बिल भी कम कर दिया है। अगर 2014 से पहले डेटा की कीमत तय की गई होती, तो आज आप जितना डेटा खर्च कर रहे हैं, उससे कम से कम 5,000 रुपये अधिक आपको मोबाइल पर खर्च करने पड़ते। एक परिवार में कम से कम 4 मोबाइल फोन हैं, मोदी ने ये खर्च बचा लिया है।

मोदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ नहीं है। कांग्रेस के लिए परिवारवाद ही सब कुछ है। उनके पास तुष्टिकरण के अलावा कुछ नहीं है। दंगाइयों और आतंकवादियों के हौंसले बुलंद हो गए। ऐसी विकृत मानसिकता वाली कांग्रेस को सबक सिखाना जरूरी है। कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन की यह पहली हरकत नहीं है। उन्होंने सनातन के बारे में जो कहा, वह सबने देखा है। कांग्रेस और उसके सहयोगी सनातन के विनाश की घोषणा कर रहे हैं। सनातन को नष्ट करने का अर्थ है राजस्थान की संस्कृति को नष्ट करना।

मोदी ने कहा कि जब से महिला आरक्षण विधेयक पारित हुआ है, तब से घमंडिया गठबंधन ने महिलाओं के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। बिहार के मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, लेकिन मजाल है कि किसी कांग्रेस नेता ने आवाज उठाई। ये है कांग्रेस का असली चेहरा।

महिला विरोधी कांग्रेस कभी भी महिलाओं का कल्याण नहीं कर सकती। कांग्रेस ने महिलाओं के खिलाफ अपराध में राजस्थान को नंबर वन बनाया है। यहां सीएम का कहना है कि राजस्थान की बहन-बेटियों ने थाने में फर्जी शिकायत दर्ज कराई है। हमारे देश में कोई मां-बहन ऐसा नहीं कर सकती। वह कभी भी झूठ बोलने के बारे में नहीं सोचती, इसमें कुछ सच्चाई जरूर होगी। मुख्यमंत्री प्रमाण पत्र देते हैं कि महिलाएं फर्जी शिकायतें दर्ज कराती हैं। महिलाओं का अपमान करने वाले मंत्री को कांग्रेस ने दिया टिकट। कांग्रेस के जादूगर की बात दिल्ली में बैठे बाजीगर भी मानने लगे हैं।

मोदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार महंगा पेट्रोल बेचकर कट कंपनी चलाती है। मैं गारंटी देता हूं कि अगर 3 दिसंबर के बाद बीजेपी की सरकार बनी तो पेट्रोल-डीजल के दामों की समीक्षा की जाएगी। पड़ोसी राज्यों में भाजपा सरकारें सस्ती दरों पर पेट्रोल बेच रही हैं।

राजस्थान में तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक 20 लाख घर बन चुके हैं। इनकी संख्या और भी हो सकती थी। कांग्रेस की मानसिकता गरीब विरोधी है। राजस्थान में हर घर नल से जल पहुंचाने के काम में भी कांग्रेस ने डाका डाला। आधी आबादी तक पानी नहीं पहुंचा। माता-बहनों से उनकी क्या दुश्मनी है, समझ नहीं आ रहा। न उन्होंने काम किया, न होने दिया। मैं दिल्ली से पाइप-नल के लिए पानी भेजता हूं, यहां कांग्रेसी कागज पर नल लगाते हैं और पैसे डकार जाते हैं। पानी के लिए कांग्रेस से मुक्ति पानी होगी। कांग्रेस विज्ञापनों में पैसे देकर फर्जी लहर चला रही है। लाल डायरी और लॉकर से निकले पैसों पर मुख्यमंत्री धमका रहे हैं। कांग्रेस का यह पाप ज्यादा नहीं चलेगा।