प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वसुंधरा राजे ने बारां के अंता में कृषि उपज मंडी ग्राउंड में सभा को संबोधित किया, वसुंधरा राजे ने राम मंदिर का मोमेंटो भेंट कर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए राजे ने कहा की देश की जनता 2024 में हैट्रिक लगाने के लिए जिनका बेसब्री से इंतजार कर रही है, ऐसे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हाड़ौती और अंता की धरती पर मैं अभिनंदन करती हूं। ये वो नेता हैं, जिनका देश-विदेश भी लोहा मानता है। विश्व जिनका नेतृत्व स्वीकारता है। आज इस भूमि पर मैं उनका स्वागत करती हूं।

राजे ने कहा राजस्थान की जनता आदरणीय प्रधानमंत्री जी की बहुत आभारी है। जन-धन, करीब कल्याण, आयुष्मान, उज्ज्वला, मुद्रा जैसी योजनाएं लोगों के बीच पहुंचाकर लोगों के जीवन को बदलने का काम किया है। आपने इन योजनाओं के द्वारा लोगों के जीवन को बदलने का काम किया है। किसान सम्मान निधि के द्वारा जो 6 हजार रु मिला करता था, उसको प्रधानमंत्री जी ने 12 हजार रु करने का निर्णय लिया है। जन-जन की आस्था का प्रतीक हमारा राम मंदिर जिसके बारे में सालों से बात चल रही थी। आज उन्होंने अयोध्या में बनाकर हम सब देशवासियों का सपना साकार किया था। हमें गौरवान्वित किया है।

राजे ने कहा एक ओर मोदी जी ने विकास कर भारत को तेजी से आगे बढ़ाने का काम किया है। दूसरी ओर अशोक गहलोत ने पांच साल में राजस्थान को पीछे धकेलने का काम किया है। देश में सबसे अधिक भ्रष्टाचार राजस्थान में हुआ है और राजस्थान में सबसे अधिक भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड अंता की भूमि पर टूटा है। इस भ्रष्टाचार से पूरी जनता दुखी है, हमारा राजस्थान इस भ्रष्टाचार से निकलकर फिर से खड़ा हो सके। भ्रष्टाचार ही नहीं, महिला अत्याचार, दलित अत्याचार, बेरोजगारी, पेपरलीक में भी गहलोत सरकार ने कीर्तिमान बनाने का काम किया है। अब गहलोत जी हार का कीर्तिमान बनाएंगे।

राजे ने कहा गहलोत की घोषणाएं जमीन पर नहीं उतरती। बोलने में उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी, जहां जाते हैं, अपने नाम का पत्थर लगाते हैं। लोगों से कहते हैं मांगो। चार साल कुछ नहीं किया, अब लोकलुभावनी बाते करते हैं। उनकी चिरंजीवी स्कीम हमारी भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना की ही नकल है। हमारे समय के प्राइवेट अस्पतालों ने मना कर दिया, प्राइवेट अस्पतालों को भरोसा नहीं रहा, इसलिए उन्होंने चिरंजीवी से जुड़ने के लिए मना कर दिया। पहले पांच लाख, 10 लाख, 25 लाख, 50 लाख रु तक का क्लेम देने का वादा कर रहे है। नए वादे कर करके लोगों को जोड़ने का काम करते हैं। वो बिल्कुल सीरीयस नहीं है।

राजे ने कहा किसी भी क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए बेसिक इन्फ्रास्ट्रक्चर को आगे बढ़ाने की जरूरत होती है। आपके आशीर्वाद से ट्रेन की सुविधाएं हो गई है बारां-झालावाड़ में। सड़के उच्छी हो गई है, पेयजल के लिए भी केन्द्र की पूरी मदद मिली। लेकिन राज्य सरकार के घोटालों के कारण ये पानी हमें नहीं मिला है। परवन सिंचाई परियोजना के तहत हमने सब लोगों को देने का काम किया था। सरकार जाने के बाद पांच साल तक बिल्कुल धीमी गति से चली। आज प्रदेश में किसान दुखी है, शिक्षा तंत्र अव्यवस्थित है।

राजे ने कहा ये चुनाव हम सबके लिए बहुत ही महत्त्वपूर्ण चुनाव है, भाजपा की सरकार आएगी। तो ये सब काम आपके हो जाएंगे। मुझे विश्वास है, हम सब कार्यकर्ता प्रचंड बहुमत के साथ हमारे 8 की 8 सीटों पर जीतकर आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी के हाथ मजबूत करेंगे। इसके लिए अंता से हमारे कंवर लाल मीणा, बारां-अटरूं से राधेश्याम बैरवा, छबड़ा से प्रताप सिंह सिंघवी, खानपुर से नरेन्द्र नागर, किशनगंज से ललित मीणा, मनोहरथाना से गोविंद रानीपुरिया, डग से कालुलाल मेघवाल और झालावाड़ से मैं स्वयं आपसे आशीर्वाद मांग रही हूं। इस युवा विरोधी, महिला विरोधी, दलित विरोधी, व्यापार विरोधी, विकास विरोधी सरकार को ना कहे।