जयपुर में विधानसभा का घेराव करने पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में राष्ट्रीय मंत्री होशियार मीना समेत 12 एबीवीपी कार्यकर्ता घायल हो गए। करौली दलित युवती हत्याकांड मामले में एबीवीपी कार्यकर्ता शुक्रवार को विधानसभा का घेराव करने जयपुर पहुंचे थे। इस दौरान दोपहर करीब डेढ़ बजे बड़ी संख्या में एबीवीपी से जुड़े छात्र ग्रेटर नगर निगम पर एकत्र हुए। फिर विधानसभा की ओर मार्च किया। पुलिस ने उन्हें सवाई मानसिंह स्टेडियम के दक्षिणी गेट पर आईबीएस अस्पताल के बाहर बैरिकेडिंग लगा रोक दिया।

जहां एबीवीपी कार्यकर्ता दंडवत कर विधानसभा पहुंचने की गुहार लगाते रहे। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जबरदस्ती विधानसभा की ओर जाने की कोशिश की। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने 15 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।

एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री होशियार मीना ने कहा- राजस्थान में कानून व्यवस्था बदतर हो गई है। बदमाश बेखौफ होकर लूट, चोरी, रेप और हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आंखें बंद कर अपनी सत्ता बचाने का प्रयास कर रहे हैं। करौली में दलित बेटी के साथ दुष्कर्म कर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस प्रशासन ने अपराधियों को पकड़ने के बजाय उनके खिलाफ आवाज उठाने वालों पर लाठियां बरसायीं। उन्होंने कहा- परिषद के कार्यकर्ता आखिरी दम तक दलित बेटी के हक की लड़ाई लड़ेंगे। चाहे हमें अपनी जान ही क्यों न देनी पड़े। आज पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है। दलित बेटी के लिए हम फिर विधानसभा का घेराव करेंगे।