राजस्थान में विधानसभा चुनाव में प्रचार का कल अंतिम दिन है। चुनावी अभियान के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सागवाड़ा में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मावजी महाराज की पवित्र धरती से यह बात बोल रहा हूं, भविष्यवाणी कर रहा हूं कि इस बार ही नहीं, राजस्थान में अब कभी भी अशोक गहलोत की सरकार नहीं बनेगी।

मोदी ने कहा कि वागड़ क्षेत्र ने कांग्रेस के कुशासन को झेला है। कांग्रेस नेताओं और उनके करीबियों के बीच ऐसा कारोबार है कि उनके बच्चे तो अफसर बन गए, आपके बच्चे चुन-चुनकर बाहर कर दिए गए। कांग्रेस के पाले हुए पेपर लीक माफियाओं ने राजस्थान के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस नेताओं के यहां छापे में लॉकर से सोने की ईंटे निकल रही है। काले कारनामों की लाल डायरी के पन्ने खुल रहे हैं, वह कांग्रेस सरकार की काली सच्चाई है।
मोदी ने कहा आपका कमल के अलावा किसी और को दिया गया वोट भी कांग्रेस की झोली में जाएगा। ये जो दूसरे लोग खड़े हैं, वो उनकी योजना से खड़े हैं। पिछली बार भी पाप कर वो आपकी आंखों में धूल झोंक गए, इस बार नया नाम लेकर कर रहे हैं। कांग्रेस का सूपड़ा साफ करो।

मोदी ने कहा केंद्र सरकार की योजना राजस्थान में लागू करने के लिए कांग्रेस को हटाना जरूरी है। मोदी कितना ही प्यार करे, कितना ही कुछ करना चाहे, जयपुर में कोई और बैठा रहेगा तो मोदी क्या कर लेगा? इसलिए भाजपा की सरकार बनें। गुजरात में इतनी प्रगति दिख रही है तो राजस्थान में क्यों नहीं दिख रही है?

मोदी ने कहा कांग्रेस अपनी वादों की लाल डायरी चाहे कहीं भी लेकर घूमती रहे, मोदी की गारंटी सब पर भारी है। जहां कांग्रेस से उम्मीदें खत्म होती है, वहां मोदी की गारंटी शुरू होती है। कांग्रेस ने जो कभी सोचा ही नहीं, वो बीते दस साल में आपके सेवक ने देशवासियों के चरणों में समर्पित कर दिया है।

मोदी ने कहा कांग्रेस ने आदिवासियों को सालों तक कभी नहीं पूछा। यह भाजपा है, जिसने आदिवासी मामलों के लिए अलग मंत्रालय बना दिया। कांग्रेस सरकार में 8 वन उपज पर एमएसपी मिला करती थी, भाजपा सरकार में 90 वन उपज पर एमएसपी मिलती है। अब मोदी पशुओं के लिए भी मुफ्त टीकाकरण कर रहा है। इसी गहलेात सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल में मवेशी चराने पर, घास काटने पर जुर्माने को 500 रुपए से बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दिया था। जब भाजपा सरकार आई तो गहलोत के पापी निर्णयों को खत्म किया था। यह मत भूलना। अंग्रेज जैसे हम हिंदुस्तानियों को गुलाम मानते थे, आजादी के बाद भी कांग्रेस आदिवासियों को वैसे ही मानती है।

सरदार पटेल का कांग्रेस ने खूब अपमान किया है। हमने केवड़िया में उनके लिए स्टेच्यू ऑफ यूनिटी बनाई। वे भाजपा के कार्यकर्ता नहीं थे, लेकिन जो देश के लिए काम करते हैं, हम उनके लिए जीते हैं। आज तक कांग्रेस का कोई नेता उसे देखने नहीं गया। बाबा साहेब अंबेडकर का भी उन्होंने अपमान किया।

मोदी ने कहा कांग्रेस सिर्फ एक परिवार की गुलाम होकर रह गई है। कल मैं जयपुर में रोड शो कर रहा था। वहां उनके बड़े-बड़े होर्डिंग लगे थे। उसमें सीएम की फोटो थी, लेकिन प्रदेशाध्यक्ष की नहीं थी। उनके एक सांसद की तस्वीर थी, लेकिन उनके अध्यक्ष और इतने बड़े दलित नेता खड़गेजी की फोटो नहीं लगाई। कांग्रेस में दलित नेता के साथ क्या होता है, यह मैंने कल देखा। वे कांग्रेस के सबसे सीनियर नेताओं के कुनबे में से एक हैं। यदि उनकी फोटो लगा देते तो नौकरी नहीं चली जाती, लेकिन कांग्रेस सिर्फ एक परिवार की भक्ति में लगी है। कांग्रेस ने सरकारी कर्मचारियों के साथ विश्वासघात किया है। लूट की नीति की वजह से खजाना खाली कर दिया है। महीनों उनके पैसे सरकार के पास पड़े रहते हैं। कर्मचारियों का ग्रेच्युटी और प्रोविडेंट फंड का पैसा भी नहीं मिल रहा है।