राजस्थान एटीएस और एसओजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षक भर्ती परीक्षा के मुख्य आरोपी भूपेंद्र सारण को बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। एसपी जोधपुर ग्रामीण धर्मेंद्र सिंह यादव की सूचना पर एसओजी-एटीएस के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की। एसओजी ने पिछले छह दिन से बेंगलुरू में डेरा डाले फरार आरोपी के बारे में जानकारी हासिल की और उसे गिरफ्तार किया।

एसओजी-एटीएस के एडीजी अशोक राठौड़ ने कहा, बुधवार दोपहर फरार आरोपियों के मूवमेंट की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसी आधार पर गुरुवार को बेंगलुरु एयरपोर्ट से फरार आरोपियों को पकड़ने में मदद मिली। इस अभियान में उदयपुर जिले की पुलिस टीम को भी शामिल किया गया है।

बता दें कि भूपेंद्र सारण वर्ष 2011 में जीएनएम भर्ती पेपर आउट मामले और वर्ष 2022 में पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी शामिल था। वह जेल भी जा चुका है। पुलिस ने भूपेंद्र सारण की प्रेमिका और पत्नी को जयपुर से गिरफ्तार कर चुकी है।

भूपेन्द्र सारण को उदयपुर लाई पुलिस

एक दिन पहले गिरफ्तार किए गए सीनियर भर्ती पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड भूपेंद्र सारण को शुक्रवार सुबह उदयपुर लाया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद भी आरोपी सारण के चेहरे पर मुस्कान नजर आई। डीएसटी की टीम आरोपी सारण को लेकर सुबह करीब 8 बजे बेंगलुरु से अहमदाबाद होते हुए उदयपुर पहुंची। सारण को हाथीपोल थाने में रखा गया है जहां उससे पूछताछ की जा रही है।