कोटा में एक बार फिर एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र रोशन (21) बिहार के समस्तीपुर से पढ़ाई करने आया था। महावीर नगर थर्ड एरिया में किराए पर रहता था। हाल ही में रोशन ने नीट की परीक्षा दी थी। वह असफल हो गया। गुरुवार सुबह दिल्ली से लौटा था। देर शाम उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

डीएसपी हर्ष राज खरेड़ा ने बताया- रोशन के चाचा और फूफा दिल्ली में रहते हैं। उन्हीं के पास गया। कोटा आने के बाद उसने फोन रिसीव नहीं किया। परिजनों ने छोटे बेटे सुमन को रोशन के पास जाने को कहा। रोशन का छोटा भाई भी कोटा में रहकर कोचिंग की पढ़ाई कर रहा है। गुरुवार शाम करीब 7 बजे छोटा भाई रोशन के कमरे में गया। उसने कमरे में झाँका। तब घटना का पता चला।

सुमन ने दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारा। अस्पताल ले गए। ड्यूटी डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की तलाशी ली। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन दिल्ली से कोटा पहुंच गए हैं।

परिजन ने बताया कि रोशन दो साल से कोटा में रह रहा था। 2022 से कोचिंग कर रहा था। हाल ही में उसका सिलेबस खत्म हुआ था। इसके बाद उसने नीट का एग्जाम दिया। दूसरे प्रयास में भी उसे सफलता नहीं मिली। दोनों भाई अलग रहते थे।

फूफा राजकिशोर ने बताया- रोशन ने गुरुवार सुबह करीब 10 बजे आखिरी बार अपनी मां से बात की थी। तनाव जैसी कोई बात सामने नहीं आई। कोचिंग संस्थानों को छात्रों के मोटिवेशन के लिए कुछ कदम उठाने चाहिए। भाई सुमन ने बताया- दोनों 8 महीने से साथ रहते थे। दो महीने से अलग रहने लगे। दो दिन पहले रोशन उसके कमरे में आया था। उसने नीट में 400 अंक हासिल किए थे। टेंशन जैसी कोई बात नहीं लगी।