जयपुर। राजस्थान में जयपुर हेरिटेज, जोधपुर उत्तर और कोटा उत्तर नगर निगमों में प्रथम चरण के चुनाव के लिए वोटिंग शाम 5:30 बजे शांतिपूर्ण संपन्न हो गई है। कोरोना महामारी के बीच इन तीनों नगर निगम क्षेत्रों में मतदाताओं ने सावधानी और उत्साह से मतदान किया। कुल 56.45 प्रतिशत मतदान हुआ है। कोटा उत्तर में सर्वाधिक वोटिंग हुई है। सुबह अधिकांश मतदान केंद्रों पर कम लोग ही मतदान करने पहुंचे लेकिन शाम को मतदान में तेजी आई। कोरोना की वजह से इस बार मतदान के लिए एक घंटे का वक्त बढ़ाया गया था। मतदान के दौरान शहर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष कविता मलिक का अनोखा अंदाज देखने को मिला। कविता मलिक मतदान करने के लिए पीपीई किट पहनकर मतदान केन्द्र पहुंची। जिन्हे देखकर वहां मौजूद अन्य लोग चौंक गए।

बूथ पर भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी के बीच विवाद
मतदान के बीच जयपुर हैरिटेज के वार्ड नंबर 71 में एक बूथ पर भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी के बीच विवाद हो गया। भाजपा प्रत्याशी बीना मेथी ने कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद मेथी की पत्नी पर मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस कोई एक्शन नहीं ले रही है। इस दौरान कांग्रेसी प्रत्याशी अरविंद मेथी भी मतदान केंद्र पर पहुंचे और विवाद बढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों ही प्रत्याशियों को मतदान स्थल से बाहर निकाल दिया।

जयपुर हेरिटेज में 430 प्रत्याशी
जयपुर हेरिटेज नगर निगम में 430 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 200 भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। बाकी के दूसरी पार्टियों जैसे-बसपा, आरएलपी के अलावा निर्दलीय। जयपुर हेरिटेज में 100 वार्डों में 1581 मतदान केंद्र बनाए गए। यहां कुल वोटर 9 लाख 32 हजार 908 हैं। इसमें से 4 लाख 91 हजार 633 पुरुष, 4 लाख 41 हजार 260 महिला व 15 अन्य हैं। मतदान केंद्रों पर वोट डालने आए जागरुक मतदाताओं ने सोशल डिस्टेंसिंग की पालना भी की। वहीं, कई जगहों पर कोरोना की पालना के नियमों की धज्जियां उड़ी। मतदान केंद्रों पर वोट डालने आए जागरुक मतदाताओं ने सोशल डिस्टेंसिंग की पालना भी की। वहीं, कई जगहों पर कोरोना की पालना के नियमों की धज्जियां उड़ी।

2.40 लाख ने किया मतदान
नगर निगम उत्तर के 80 वार्ड में 3,88,892 मतदाता है। इनमें से आज 2,40,653 ने मतदान कर स्थानीय सरकार चुनने में अपनी भागीदारी निभाई। सुबह दस बजे तक 20.43, एक बजे तक 42.63 व दोपहर तीन बजे तक 53.11 फीसदी मतदान हो चुका था। कई मतदाता समय समाप्त होने से तोड़ी देर पहले दौड़ते-भागते मतदान केन्द्रों तक पहुंचे।

सिविल लाइंस में सर्वाधिक बूथ और प्रत्याशी
हैरिटेज के वार्ड-6-7 में भाजपा का प्रत्याशी घोषित होने के बाद भी नामांकन नहीं भर पाए। वार्ड-89 में कांग्रेस का कोई प्रत्याशी नहीं है। 10 वार्डों में कांग्रेस-भाजपा में सीधा मुकाबला है। 29 वार्डों में त्रिकोणीय, 26 वार्ड में चतुष्कोणीय और 35 वार्ड में 5-5 उम्मीदवारों में मुकाबला हैं। सबसे अधिक पोलिंग बूथ सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में 424 बनाए गए हैं, क्योंकि यहां 24 वार्डो पर चुनाव लडऩे के लिए सबसे अधिक 141 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।