जयपुर के किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी अमीन कागजी ने 50 साल की उम्र में दूसरी शादी की है। उन्होंने अपनी पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी की है।

यह खुलासा उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में किया है। इस हलफनामे में उन्होंने दो पत्नियों की जानकारी दी है। दूसरी पत्नी का नाम मोनिका शर्मा कागजी है। अमीन कागजी की पहली पत्नी का नाम रेशमा है। उनसे उनके चार बेटे-बेटियां हैं। इस बात का जिक्र अमीन कागजी ने 2018 के विधानसभा चुनाव में भरे गए हलफनामे में किया था।

इस बार उन्होंने 2023 विधानसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्र में दो पत्नियों की जानकारी दी है। हलफनामे में नई पत्नी का नाम मोनिका शर्मा कागजी बताया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मोनिका शर्मा अमीन कागजी की निजी सचिव के रूप में काम करती थीं।

सूत्रों का कहना है कि अमीन ने कोविड काल के दौरान मोनिका से शादी की, जो पूरी तरह से गुप्त रही। इस बात की जानकारी कम ही लोगों को है। मोनिका से उनकी एक बेटी भी है। पिछले साल 2022 में उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी भी की थी। बेटी की शादी से पहले उन्होंने दूसरी शादी कर ली थी।