जयपुर। राजस्थान के करौली जिले की सपोटरा क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया है। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ दर्जन लोग कैलादेवी के दर्शन करने पैदल जा रहे थे, उसी दौरान रास्ते में वे चंबल पार करने लगे और डूब गए। इनमें से 10 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि 4 लापता है और 3 लोगों के शव मिले हैं। ये सभी मध्यप्रदेश से करौली जिले के आस्थाधाम कैलामाता के दर्शन करने के लिए पदयात्रा करके आ रहे थे।

चंबल नदी में 17 श्रद्धालु बहे
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के जरूर गांव से 17 यात्रियों का जत्था कैला देवी पदयात्रा पर निकला हुआ था। रास्ते में जगदर घाट से पदयात्री चंबल नदी को पार करना चाह रहे थे। चंबल में पानी अधिक था। जब वे नदी में घुसे तो पानी में बहने लगे। सभी यात्री एक-दूसरे को बचाने में जुट गए। इसी बीच वे बहते चले गए। स्थानीय लोगों ने जब शोर शराबा सुना तो मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद 10 लोगों को बचा लिया।

कैला देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालु
घटना टेंटरा थाना क्षेत्र स्थित रायडी-राधेन घाट की है। चंबल में डूबने वाले श्रद्धालु एमपी के शिवपुरी जिले के बताए गए हैं। बताया जा रहा है कि कुशवाह समाज के लोग शिवपुरी से पैदल-पैदल कैला माता के दर्शन करने राजस्थान के करौली जा रहे थे। जो कि चंबल नदी पार करते समय बह गए, हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जानकारी लगते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की टीम बुलाकर रेस्क्यू शुरू किया।

मौके पर पहुंचे कलेक्टर व एसपी
घटना की सूचना मिले ही करौली जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर रहा है। लोगों का कहना है कि डांग क्षेत्र दूर का इलाका है, इस वजह से यात्रियों को समय पर बचाने में परेशानी हुई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शनिवार सुबह मण्डरायल क्षेत्र के रोंधई गांव के समीप चम्बल नदी के छोई घाट से जब यात्री नदी पार कर रहे थे, तभी अचानक वे गहरे पानी में चले गए और एक के बाद एक यात्री डूबता चला गया। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंचे यात्रियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अशोक गहलोत, शिवराज सिंह और वसुंधरा राजे ने जताया दुख
एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। शिवराज सिंह ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि चंबल नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज किया जाए।