news of rajasthan

जयपुर के आबादी क्षेत्र में तेंदुए की हलचल बढ़ती जा रही है। भोजन की तलाश में गुरुवार देर रात तेंदुआ एक घर में घुस गया। तेंदुए ने घर के अंदर बंधी गाय का शिकार कर लिया। गाय को खाने के बाद तेंदुआ चला गया। शुक्रवार सुबह तेंदुए की हलचल का पता चलने पर लोगों में दहशत फैल गई। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वन विभाग की टीम को तेंदुए के पंजे के निशान मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र के आबादी क्षेत्र में तेंदुए की हलचल का पता चलने के बाद लोगों में दहशत फैल गई। भोजन की तलाश में गुरुवार रात तेंदुआ श्यामवालों की ढाणी में पहुंच गया। खाना तलाशते हुए वह ढाणी में रहने वाले विनोद कुमार सैनी के घर में घुस गया। घर के अंदर गाय को बंधी पाकर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए ने बंधी गाय का शिकार कर उसे मार डाला। गाय को खाने के बाद तेंदुआ चला गया। सुबह करीब पांच बजे उठे तो गाय मृत पड़ी थी, जिसे किसी जंगली जानवर ने खा लिया था।

आबादी क्षेत्र में जंगली जानवर के आने की सूचना पुलिस के साथ वन विभाग को दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम की जांच में मौके पर तेंदुए के पंजे के निशान मिले हैं। आबादी क्षेत्र में घुसकर गाय का शिकार करने वाले तेंदुए की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 15 दिन पहले तेंदुए ने निकटवर्ती आमलीवालों की ढाणी में एक गाय का शिकार किया था। वन विभाग ने पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ लिया था। लेकिन, वापस जंगल में छोड़ दिया गया। ऐसे में जयसिंहपुरा खोर इलाके में जंगली जानवर की दस्तक से दहशत फैल गई है।