जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेहद करीबी विधायक कालीचरण सराफ को विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। सोमवार शाम 4:30 बजे राज भवन में राज्यपाल कलराज मिश्र उन्हें प्रोटेम स्पीकर के पद की शपथ दिलाई है। उनके साथ एक तीन सदस्य पैनल भी बनाया गया है। इसमें वरिष्ठ विधायक दयाराम परमार, प्रताप सिंह सिंघवी और डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा का नाम शामिल किया गया है। राज्यपाल कलराज मिश्र इन तीन सदस्य पैनल को भी शपथ दिलवाई। इस बार कालीचरण सराफ ने जयपुर की मालवीय नगर सीट से विधानसभा चुनाव जीत हासिल की है और हैट्रिक मारी है।

राजे गुट के माने जाते हैं कालीचरण सराफ
जानकारी के लिए बता दें कि कालीचरण सराफ को वसुंधरा राजे गुट का बताया जाता है। राजे के कार्यकाल में सराफ स्वास्थ्य मंत्री भी रह चुके हैं। इसके पहले भी वह कई बार मंत्री रह चुके हैं। प्रोटेम स्पीकर बनाए जाने की चर्चाओं के बीच हो सकता है इस बार उन्हें कैबिनेट में जगह न दी जाए। वहीं, एक ओर यह चर्चा भी है कि इस बार भजन कैबिनेट में नए चेहरों को जगह दी जाएगी।

पैनल में किरोड़ी लाल मीणा भी शामिल
पार्टी ने कालीचरण सराफ को सहयोग देने के लिए तीन विधायकों को भी नियुक्त किया गया। पैनल में किरोड़ी लाल मीणा के साथ प्रताप सिंघवी और दयाराम परमार भी शामिल हैं। हाल का राजनीतिक इतिहास देखें तो अशोक गहलोत के कार्यकाल में वह हमेशा किरोड़ी लाल के निशाने पर रहते थे। अशोक गहलोत की तत्कालीन सरकार के खिलाफ किरोड़ी लाल ने पांच साल में कई आवाजें उठाई हैं। कई विरोध प्रदर्शन भी किए हैं।

सीएम शर्मा ने की राष्ट्रपति सेे मुलाकात
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। सीएम शर्मा ने एक्स पर पोस्ट में​ लिखा, महिला सशक्तिकरण की सबसे बड़ी प्रतीक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। शुक्रवार को भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। मुख्यमंत्री भजनलाल रविवार को दिल्ली पहुंचे हैं। उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा भी साथ हैं। राजस्थान में बीजेपी की ओर से अब मंत्रिमंडल के गठन को लेकर कवायद जारी हो गई है।

सरकार बदलते ही ब्यूरोक्रेसी में मची हलचल
राजस्थान में सरकार बदलने से ब्यूरोक्रेसी में हलचल मच गई है। नई सरकार अब जल्द ही अधिकारियों की पोस्टिंग करेगी जिसमें नया मुख्य सचिव भी चुना जाएगा। आगामी दिनों में उषा शर्मा सेवानिवृत्त होंगी और नया मुख्य सचिव नियुक्त किया जाएगा। इस दौरान 6 सीनियर आईएएस अफसर सीएस की दौड़ में आगे नजर आ रहे हैं।

मंत्रिमंडल गठन को लेकर सुगबुगाहट तेज
प्रदेश में अब मंत्रिमंडल के गठन को लेकर कवायद जारी हो गई है। सीएम भजनलाल रविवार को दिल्ली पहुंचे हैं। उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा भी साथ हैं। सियासी गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म है। मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरे को नए मंत्रिमंडल के गठन से जोड़कर देखा जा रहा है। दिल्ली पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर उनसे मुलाकात की है। यह भी बताया जा रहा है कि सीएम ने अन्य केंद्रीय नेताओं ने इस दौरान मुलाकात की है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद नए मंत्रिमंडल की तस्वीर साफ हो जाएगी।

ये विधायक बन सकते हैं मंत्री
सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल की लिस्ट में अधिकतम 30 नाम बताए जा रहे हैं। प्रदेश में मंत्री पद के संभावित चेहरों की बात करें तो इसमें किरोड़ी लाल मीणा, सुमित गोदारा, अनिता भदेल, नौक्षम चौधरी, दीप्ति माहेश्वरी, विश्वराज सिंह मेवाड़, महंत प्रतापपुरी, बाबा बालकनाथ, फूल सिंह मीणा, उदयलाल भड़ाना जैसे नाम है।