जयपुर की आदर्श नगर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी को लेकर रायशुमारी के लिए बुलाई गई बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच लात-घूंसे तक चल गए। काफी देर तक हंगामा और मारपीट होती रही। यह सब कांग्रेस पर्यवेक्षक आराधना मिश्रा और जिला अध्यक्ष की मौजूदगी में हुआ।

कांग्रेस की इस बैठक में हुई मारपीट में कुछ कार्यकर्ता घायल भी हुए हैं। मामला थाने तक पहुंच गया है। कांग्रेस की बैठक में हुए हमले को लेकर आदर्श नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस पूरे विवाद के पीछे आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक रफीक खान के समर्थकों और विरोधियों के बीच विवाद को माना जा रहा है। आदर्श नगर ब्लॉक अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा समेत चार समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

आदर्श नगर स्थित जनता कॉलोनी के सामुदायिक केंद्र में सोमवार को कांग्रेस के आदर्श नगर ब्लॉक और रामगंज ब्लॉक के नेताओं-कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक हुई। कांग्रेस पर्यवेक्षक आराधना मिश्रा, जिलाध्यक्ष आरआर तिवारी के साथ आदर्श नगर ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में दावेदारों से रायशुमारी करने पहुंची थीं।

इस बीच आदर्श नगर सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे कांग्रेस नेता अफजल ने ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति पर सवाल उठाए। अफजल ने कहा- बीजेपी कार्यकर्ता गुलाम मुस्तफा को आदर्श नगर का ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया। ब्लॉक अध्यक्ष और उनके समर्थक कार्यकर्ताओं की अफजल से नोकझोंक हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी।

कांग्रेस की बैठक में मारपीट और हंगामे के कारण बैठक बीच में ही रोकनी पड़ी। कार्यकर्ताओं ने किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बावजूद काफी देर तक हंगामा चलता रहा। हंगामे के बीच पर्यवेक्षक आराधना मिश्रा अलग-अलग गुट के नेताओं के समर्थन में नारे लगाये जाने से नाराज हो गयीं। पर्यवेक्षक ने किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष में नारे न लगाने की सलाह दी और कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा- कोई नारे नहीं लगाएगा। अगर इस तरह से नारेबाजी की गई तो इसे अनुशासनहीनता माना जाएगा।