जयपुर के हथनी कुंड में डूबने से शनिवार दोपहर एक युवक की मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ नाहरगढ़ घूमने आया था। हथनी कुंड में भरे पानी में नहाते समय पैर फिसलने से वह डूब गया। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। रेस्क्यू टीम शव को 3 किमी कंधे पर लादकर मुख्य सड़क तक लाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि हादसे में गंज खेड़ली अलवर निवासी धीरज सिंह (25) पुत्र निरंजन सिंह की मौत हो गई। वह मालवीय नगर में रहकर एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करता था। वह दोपहर करीब 1 बजे 4-5 दोस्तों के साथ नाहरगढ़ घूमने आया था। वह अपने दोस्तों के साथ घूमते-घूमते हथनी कुंड पहुंच गया। लोगों को तालाब में नहाते देख सभी लोग पानी में उतर गये। तालाब में नहाते समय धीरज का पैर फिसल गया और वह डूब गया। पानी से बाहर नहीं आने पर दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

युवक का शव तालाब में डूबने से लोगों में सनसनी फैल गई। दोस्तों ने तुरंत ब्रह्मपुरी थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। जंगल से करीब 3 किमी की चढ़ाई के बाद रेस्क्यू टीम शव को कंधे पर उठाकर चरण मंदिर मेन रोड तक ले आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।