बीकानेर। उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल पर अंतर्राष्ट्रीय महिला वर्ष के अंतर्गत 1 मार्च से 8 मार्च 2023 तक महिला सशक्तिकरण पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार 2 मार्च को महिला कर्मचारियों एवं उनके महिला आश्रितों के लिए रेलवे प्रेक्षाग्रह,बीकानेर में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे नृत्य,गायन, भाषण, मोनो एक्टिंग व काव्य पाठ आदि का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि तेजस्विनी गौतम, पुलिस अधीक्षक, बीकानेर ने अपने उद्बोधन में महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए महिलाओं से हर क्षेत्र में आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि स्निग्धा श्रीवास्तव,अध्यक्षा, उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, बीकानेर मंडल ने अपने संगठन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में अर्चना श्रीवास्तव प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उत्तर पश्चिम रेलवे की भी गौरवमयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ सुनीता चौधरी मंडल कार्मिक अधिकारी बीकानेर ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बीकानेर मंडल पर कार्यरत महिला अधिकारी एवं महिला कर्मचारीगण उपस्थित रहीं।