ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के दिल्ली स्थित दफ्तर पर आयकर विभाग ने छापा मारा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीबीसी के दफ्तर को सील कर दिया गया है और सभी कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए गए हैं। कर्मचारियों को घर जाने के लिए कहा गया है। बीबीसी के लंदन मुख्यालय को भी इस छापेमारी की सूचना दे दी गई है। आपको बता दें कि दिल्ली के साथ-साथ आयकर विभाग ने बीबीसी के मुंबई स्थित दफ्तर पर भी छापेमारी की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 60-70 सदस्यों वाली आयकर विभाग की टीम बीबीसी ऑफिस पहुंची और जांच शुरू की। दफ्तर के अंदर आने और बाहर जाने पर भी रोक लगा दी गई है। उधर, बीबीसी पर आईटी के छापे की खबर के बाद कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘पहले बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिबंध लगाया और अब आयकर विभाग ने बीबीसी पर छापा मारा है।’ यह एक अघोषित आपातकाल है’।

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) वर्ल्ड सर्विस टेलीविजन एक ब्रिटिश सरकार का संगठन है। यह 40 भाषाओं में समाचार प्रसारित करता है। यह यूके की संसद से अनुदान द्वारा वित्त पोषित है। इसका प्रबंधन विदेश और राष्ट्रमंडल कार्यालय के माध्यम से किया जाता है। यह डिजिटल, संस्कृति, मीडिया और खेल विभाग के तहत काम करता है। बीबीसी की शुरुआत साल 1927 में एक रॉयल चार्टर के तहत हुई थी।