उदयपुर में एक बीजेपी कार्यकर्ता की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। सुबह जब वह घर नहीं लौटा तो बेटा खोजने निकला। बेटे ने घर से 300 मीटर की दूरी पर सिर कुचला हुआ शव देखा। सिर और चेहरा इतनी बुरी तरह कुचला हुआ था कि तुरंत पहचानना मुश्किल हो रहा था। बेटे ने कपड़ों से उसकी पहचान की। मामला फलासिया थाना क्षेत्र का है। 25 दिसंबर को वोटिंग के दिन कांतिलाल झाड़ोल से बीजेपी प्रत्याशी बाबूलाल खराड़ी के लिए वोटर्स को पोलिंग बूथ तक लाने में जुटे थे। हत्या की जानकारी मिलते ही विधायक बाबूलाल खराड़ी स्थानीय नेताओं के साथ मौके पर पहुंचे।

फलासिया थाना अधिकारी करनाराम ने बताया- कांतिलाल के बेटे सुनील चव्हाण ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने कांतिलाल की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। शव का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। जबड़े पर भी चोट के बड़े निशान थे। सारे कपड़े खून से लथपथ थे। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। फलासिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

कांतिलाल के बेटे सुनील ने बताया- पिता खेती करते थे। शनिवार को वोटिंग थी इसलिए वे सुबह से ही चुनाव कार्य में लगे हुए थे। मेरी मां भी गांव से बाहर झाड़ोल गई हुई थी। रात में जब पिता घर नहीं आये तो हमने सोचा कि शायद वह कहीं रुक गये होंगे। रविवार की सुबह जब मैं उठा और उन्हें नहीं पाया तो मैं उन्हें ढूंढने के लिए बाहर निकला। सुबह करीब सात बजे घर से कुछ ही दूरी पर नाले के पास औंधे मुंह शव पड़ा देखा। जैसे-जैसे मैं करीब गया, मेरी धड़कनें बढ़ती गईं। उसके कपड़ों पर खून लगा हुआ था। जैसे ही मैंने उन्हें पलटा तो उनका चेहरा देखकर मेरी चीख निकल गई। पूरा मुंह कुचला हुआ था। दांत भी निकल आये थे। जबड़ा फट गया था। मैंने कपड़ों से पहचान की। पुलिस से अनुरोध है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।