कोटा, 14 मई। बिजली बिलों पर अतिरिक्त सरचार्ज लगाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी सड़कों पर उतर आई है। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश महामंत्री विकास शर्मा की अगुवाई में रविवार को सरकार की मृत आत्मा के लिए सांकेतिक शव यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर नागरिक सहकारी बैंक के चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।

शवयात्रा महावीर नगर तृतीय चौराहे से प्रारम्भ होकर मीरा मार्केट होते हुए संतोषी नगर चौराहे पर सम्पन्न हुई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता रामधुन और राम नाम सत्य है, कांग्रेस सरकार भ्रष्ट है… बोलते चल रहे थे। कार्यकर्ता सबसे आगे हांडी लेकर चले तो पीछे शव को कांधा देने की भी होड़ रही।

कार्यकर्ताओं ने हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखी तख्तियां ले रखी थी। संतोषी नगर चौराहे पर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता बिजली पर बढ़ाए गए सरचार्ज को वापस लेने की मांग कर रहे थे। यहां अंतिम क्रिया करते हुए दहन, कपाल क्रिया, फूल चुनने की क्रिया भी की गई। शव दाहन के लिए कपूर, चंदन की लकड़ी भी जुटाई गई थी। राजेश बिरला ने कहा कि बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा के लिए हर कोई परेशान है। प्रदेश गरीब जनता परेशान होकर भाजपा की ओर देख रही है।

इस दौरान विकास शर्मा ने कहा कि सरकार महंगाई से राहत देने का ढोंग करते हुए आमजन को आहत करने का काम कर रही है। प्रदेश में बड़ी मात्रा में बिजली पैदा होती है। इसके बावजूद भी राजस्थान में सबसे महंगी बिजली दी जा रही है। पांच साल में 11 बार बिजली के दाम बढ़ा दिए गए। आमजन को बरगलाने के लिए थोथी घोषणाएं कर सरकार वाहवाही लूट रही है। जबकि जनता सरकार प्रायोजित महंगाई से आहत है। सरकार की अंतिम क्रिया आज कर दी गई है। अब प्रदेश में सरकार नाम की चीज नहीं बची है।

उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर तो महंगाई राहत कैंप लगाकर राहत देने का ढोंग कर रही है। जबकि दूसरी ओर सरकार के द्वारा दूसरे रास्ते से महंगाई में बेतहाशा वृद्धि की जा रही है। बिजली बिलों पर सेस लगाना जनविरोधी निर्णय है। जब तक सरकार इसे वापस नहीं लेगी तब तक भाजपा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, जिला महामंत्री जगदीश जिंदल, पूर्व कोषाध्यक्ष कपिल जैन, भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ जिला संयोजक केपी सिंह, भाजपा पार्षद गोपालराम मंडा, संजीव विजय, विनय जसवंत डैनी, लक्ष्मी मेहरा, नंदकंवर हाड़ा, रीता सलूजा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुदर्शन गौतम, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र हाड़ा, दिलीप शर्मा, संजय निझावन, नरेंद्र सोनी, जिला उपाध्यक्ष सुरभि झामनानी, जिला कार्यकारिणी सदस्य कीर्तिकान्त गोयल, शैलेंद्र ऋषि, मंडल महामंत्री मनोज निराला, महिला मोर्चा से शासपाल कौर, जमुना बजाज, अनिता वाघेला, अनिता आचार्य, मोनिका माहेश्वरी, भाजपा नेता गोपाल गुप्ता, कौशल सोनी, गिरीश गौतम, मणिराज सिंह, युवा मोर्चा से राहुल सिंह सिकरवार, रोबिन सिंह, नारित्य शर्मा, राहुल गोस्वामी, मयंक शर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।