जयपुर के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के सामने बुधवार सुबह एक महिला कपड़े खोलकर डिवाइडर पर बैठ गई। पूछताछ में पता चला कि वह नर्स है। जो 2020 से एपीओ चल रही है। जब लोगों ने महिला से कपड़े पहनने को कहा तो उसने मना कर दिया। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद एसएमएस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को कपड़े पहनाए और थाने ले गए।

एसएचओ एसएमएस थाना नवरत्न धूलिया ने बताया- महिला की उम्र करीब 36 साल है। अभी तक की पूछताछ में पता चला है कि वह 2020 से एपीओ चला रही है। इस संबंध में महिला ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी से भी कई बार बात की। उसे अभी तक बहाल नहीं किया गया है। यह भी जानकारी में आया है कि महिला ब्यावर में पदस्थापित थी। उनका तबादला अजमेर कर दिया गया। महिला की जानकारी के लिए उसके परिजनों को एसएमएस थाने बुलाया गया है।

कार्य में लापरवाही व बिना कारण बताए ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण ब्यावर के पूर्व पीएमओ (प्रधान चिकित्सा अधिकारी) डॉ. दिलीप चौधरी ने नर्स को एपीओ कर दिया था।एसएचओ ने बताया- महिला मानसिक रूप से बीमार नहीं लग रही है। उसने अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए ऐसी हरकत की है। महिला की इस हरकत की जानकारी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल उन्हें शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।