बीकानेर में एक सरकारी नर्स की उसके पूर्व पति ने सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी। आरोपी घर के बाहर घात लगाकर बैठा था। मंगलवार दोपहर करीब 2:45 बजे जब महिला अपने घर से बाहर निकली तो आरोपी ने अचानक उस पर पत्थर से हमला कर दिया। हत्या कर भाग रहे आरोपी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। मामला शहर की सार्दुल कॉलोनी का है। सीओ सदर शालिनी बजाज ने बताया कि सार्दुल कॉलोनी में रहने वाली सुमन चौधरी (40) दोपहर करीब 2:45 बजे घर के बाहर खड़ी थी। इसी बीच आरोपी कृष्णकांत (43) ने सुमन के सिर पर भारी पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सुमन बरसिंहसर गांव स्थित सरकारी अस्पताल में नर्सिंग कर्मचारी थी। वह चूरू के राजगढ़ की मूल निवासी थीं। यहां किराये पर रहती थी उसके दो बच्चे हैं जो उसके साथ नहीं रहते। फिलहाल पुलिस ने शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, सुमन और कृष्णकांत का 2018 में तलाक हो गया था। कृष्णकांत कोई काम नहीं करता था और नशे का आदी है। पुलिस ने बताया कि वह पहले भी एक बार सुमन को मारने की कोशिश कर चुका था। मंगलवार दोपहर भी वह घात लगाकर बैठा था। जैसे ही सुमन घर के गेट पर आई, उसने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले के बाद सुमन वहीं गिर पड़ी। चारों ओर खून बिखर गया। इसके बाद आरोपी कृष्णकांत वहां से भाग गया।

घर से कुछ दूरी पर एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आरोपी भागता नजर आ रहा है। इस दौरान कुछ युवक उसकी ओर इशारा करते हैं, लेकिन वह वहां से भागकर निकल जाता है। बता दें कि सुमन की ओर से कृष्णकांत पर दहेज का आरोप लगाते हुए केस भी दर्ज कराया गया था। इसके बाद 2018 में तलाक हो गया।