जोधपुर में एक हेड कांस्टेबल का शव थाने की पानी की टंकी में मिला। कुछ दिन पहले ओसियां विधायक दिव्या मदेरणा से कांस्टेबल के उपप्रधान पुत्र का विवाद हो गया था। दो दिन पहले बेटे को गिरफ्तार किया गया था। इससे सिपाही डिप्रेशन में था।

मामला फलोदी क्षेत्र का है। यहां के चाखू थाने में तैनात हेड कांस्टेबल चैनाराम बाना का शव शुक्रवार सुबह थाना परिसर के टांके में मिला। हालांकि, मौत की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलने पर फलोदी एडिशनल एसपी और वरिष्ठ अधिकारी रामकरण सिंह मलिंण्डा मौके पर पहुंचे।

हेड कांस्टेबल चैनाराम ओसियां उपखंड के बाना का बास गांव के रहने वाले थे। चैनाराम (51) एक माह पहले 10 दिन की छुट्टी पर अपने गांव गया थे। वह 1989 में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। करीब एक साल पहले ही बाप उपखंड के चाखू थाने में हेड कांस्टेबल पद पर तैनात हुए थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार हेड कांस्टेबल चैनाराम गुरुवार रात स्टाफ के साथ गश्त पर थे। वह शुक्रवार सुबह 4.30 बजे थाने आए थे। इसके बाद टांके से पानी लेने चले गये। इसी दौरान संभवतया पैर फिसल गया और टांके में गिर गये। घटना की जानकारी पुलिसकर्मियों को सुबह 6.30 बजे हुई। इस पर चैनाराम को टांके से बाहर निकाला गया और चाखू अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को बाप सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।