राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजेपी के कद्दावर नेता गुलाबचंद कटारिया असम के राज्यपाल बन गए हैं। बुधवार को असम के मुख्य न्यायाधीश संदीप मेहता ने गुवाहाटी में कटारिया को पद की शपथ दिलाई।

इससे पहले कटारिया मंगलवार को उदयपुर से असम के लिए परिवार के साथ चार्टर प्लेन से रवाना हुए थे। इस दौरान गुवाहाटी एयरपोर्ट पहुंचने पर गुलाब चंद कटारिया को रेड कार्पेट वेलकम दिया गया। असम के प्रमुख राजनेता, नौकरशाह, सेना और पुलिस के आला अधिकारी कटारिया के प्रोटोकॉल में मौजूद रहे।

बता दें कि 12 फरवरी को असम राज्यपाल के पद के लिए गुलाबचंद कटारिया के नाम का ऐलान हुआ था। जिसे 10 दिन हो चुके हैं। बीजेपी अभी तक अपना नेता प्रतिपक्ष नहीं तय कर पाई है। वहीं, असम के नवनियुक्त राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया को भाजपा ने सभी पदों से मुक्त कर दिया है। पार्टी ने उनकी विधायकी एवं नेता प्रतिपक्ष के पद से इस्तीफा मंगलवार को स्वीकार कर लिया। हालांकि, सदन में पार्टी का नेता कौन होगा, यह अभी तय नहीं किया जा सका है।

लेकिन गुलाबचंद कटारिया ने असम का राज्यपाल बनने के बाद वसुंधरा राजे को लेकर कहा कि राजे भारतीय जनता पार्टी की लीडर है। दो बार मुख्यमंत्री रही हैं। पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। मैं सोचता हूँ कि उनकी भूमिका पहले भी थी, आज भी है और आगे भी रहनी चाहिए। बीजेपी के वर्तमान 65 विधायकों का उनके आवास पर पहुँचना राजे के नेतृत्व में एक जुट होने का मैसेज देता हुआ साफ तौर पर दिख रहा है। 65 विधायकों ने एक सुर में राजे के साथ होने की बात कही और कहा कि आने वाले 2023 के विधानसभा चुनाव में भी वह वसुंधरा राजे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े है और आगे भी खड़े रहेगें।