जयपुर में बजरी माफियाओं ने वन विभाग की टीम पर पथराव किया। घटना ढूंढ नदी के कानोता थाना क्षेत्र की है। पथराव में विभाग के 6 गार्ड घायल हो गए। रेंजर पृथ्वीराज मीणा की ओर से थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले को लेकर पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी शुरू कर दी है।

पथराव में वन विभाग की टीम में आए कई कर्मचारी घायल

घटना की जानकारी देते हुए रेंजर पृथ्वीराज मीणा ने बताया कि आरोपियों ने वन विभाग के अधिकारियों की हत्या करने के इरादे से पथराव किया। पथराव में वन विभाग की टीम में आए कई कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें जान बचाकर भागना पड़ा। वन विभाग के आधा दर्जन कर्मचारियों को चोटें आई हैं। इसी का फायदा उठाकर बजरी माफिया लक्ष्मी नारायण मीणा उसका ट्रैक्टर समेत अन्य जब्त ट्रैक्टर मौके से उठा ले गया। इस संबंध में कानोता थाने में शिकायत दी गई है।

बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके घरों पर छापेमारी

कानोता थाना सीआई मुकेश ने बताया की रेंजर से मिली शिकायत पर लक्ष्मी नारायण मीणा व अन्य के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। बदमाशों को पकड़ने के लिए उनके घरों पर छापेमारी की जा रही है। ये लोग पथराव कर गांव से बाहर चले गए हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और वन विभाग द्वारा जब्त किए गए ट्रैक्टरों को भी बरामद कर लिया जाएगा।

ये लोग जंगली जानवरों का भी शिकार करते हैं

अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग के इलाके में कुछ लोग मिट्टी, बजरी और लकड़ी चोरी करने का काम करते हैं। ये लोग आसपास के गांवों के ही हैं। कई बार देखा गया है कि ये लोग जंगली जानवरों का भी शिकार करते हैं। इनके खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस की ढिलाई से इन लोगों के हौसले बुलंद

ये लोग संगठित तरीके से अपराध करते हैं, इससे पहले भी ये माफिया, वन विभाग की टीम पर पथराव कर चुके हैं। ये बदमाश इतने बेखौफ हैं कि कर्मचारियों से भी हाथापाई करते हैं। इनके खिलाफ कई बार पुलिस में शिकायत भी की जा चुकी है। लेकिन, पुलिस की ढिलाई से इन लोगों के हौसले बुलंद हैं।