पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने सोमवार को नवमी के दिन बेटे दुष्यंत के साथ मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित पीतांबरा पीठ में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और प्रदेश में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दतिया से धार्मिक अनुष्ठान करने के बाद पूर्व सीएम राजे धौलपुर स्थित अपने आवास पर पहुंचीं। कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव के बारे में फीडबैक लिया।

बीजेपी नेता अकील अहमद बॉबी ने बताया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शनिवार को धौलपुर पहुंची थीं। रविवार को वह धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए मध्य प्रदेश के दतिया पीतांबरा पीठ के लिए रवाना हुई थीं। पूर्व सीएम राजे ने सोमवार को बेटे दुष्यन्त कुमार के साथ मंदिर में हवन यज्ञ कर धार्मिक अनुष्ठान किये। उन्होंने कन्याओं को भोजन भी कराया है।

पूर्व सीएम राजे ने धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से प्रदेश और देश में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की है। बीजेपी नेता ने कहा, ‘वसुंधरा राजे सोमवार देर शाम अपने धौलपुर आवास पर पहुंचीं। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और विधानसभा चुनाव को लेकर फीडबैक लिया।

उन्होंने कहा, हर कार्यकर्ता से मुलाकात की है और उनसे विधानसभा चुनाव में भाजपा पार्टी के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की है। उन्होंने कहा, धौलपुर जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करना शुरू कर दें। राजस्थान राज्य में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा पार्टी किसी भी बूथ पर कमजोर नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने बताया, वसुंधरा राजे मंगलवार सुबह जयपुर के लिए रवाना होंगी।