पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे 21 नवम्बर को वैर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बहादुर सिंह कोली के समर्थन में भुसावर आएंगी। वे यहां राजकीय श्रीजगन्नाथ पहाड़िया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी।

वसुंधरा राजे का सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचने का कार्यक्रम है। वसुंधरा राजे के दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभा स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस प्रत्याशी भजनलाल जाटव के समर्थन में सभा की थी।

विधानसभा चुनाव- 2023 के लिए मतदान में अब करीब 5 दिन बचे हैं। इस बीच अब पार्टियों ने यहां प्रचार अभियान तेज कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे कल ही सीकर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी रतनलाल जलधारी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने आ रही हैं।

कल दोपहर करीब 3:30 बजे वसुंधरा राजे सीकर पहुंचेंगी। इसके बाद वह सीकर के रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यकर्ताओं का दावा है कि कार्यक्रम में हजारों लोगों की भीड़ होगी। जिसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में भाग लेंगी।