पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे बुधवार को झालावाड़ की पूर्व राजमाता के निधन पर शोक व्यक्त करने पृथ्वी विलास पैलेस पहुंचीं। उन्होंने राजपरिवार को सांत्वना दी। इस दौरान राजपरिवार के सदस्यों ने राजमाता के निधन को अपूरणीय क्षति माना।

पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने पृथ्वी विलास पैलेस में मीडिया से बातचीत में कहा कि राजमाता हमारे परिवार की मुखिया थीं, इस परिवार से हमारा बहुत पुराना रिश्ता है। झालावाड़ परिवार के लोगों के बारे में सोचते रहते हैं और उनका हालचाल पूछते रहते हैं। लेकिन आज राजमाता हमारे बीच नहीं हैं। इससे उन्हें व्यक्तिगत क्षति हुई है। सामाजिक जीवन में राजमाता का आशीर्वाद, प्रेम, सानिध्य और समय उन्हें और उनके पुत्र सांसद दुष्यन्त सिंह को मिला है। वे जब भी झालावाड़ दौरे पर होतीं तो राजमाता से मिलतीं और परिवार के बारे में बातचीत करतीं।

उन्होंने बताया कि वह राजमाता के दिल्ली आवास पर भी जाती रही हैं। उनके साथ लंबे समय तक जुड़े रहने के दौरान उन्हें कभी भी अजनबी जैसा महसूस नहीं हुआ, आज दिवंगत आत्मा हमारे बीच नहीं रहीं, भगवान उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। परिवार को उनकी कमी हमेशा खलेगी। इस दौरान झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह, भाजपा नेता श्याम सुंदर शर्मा, जिला कलेक्टर आलोक रंजन, एसपी ऋचा तोमर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रंजीता पांडे, प्रधान सीता भील, पूर्व प्रधान अरुणा मीना मौजूद रहे।