पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने बुधवार को धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी और राजाखेड़ा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से चुनावी हालात का जायजा लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल कर विधानसभा में भेजा जायेगा। भाजपा नेता एवं निजी सचिव अकील अहमद बॉबी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने जिले की चारों विधानसभा सीटों पर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने के निर्देश दिये हैं। लेकिन धौलपुर विधानसभा क्षेत्र पर विशेष फोकस किया गया है।

उन्होंने बताया कि 2017 के उपचुनाव में शोभारानी कुशवाह ने बीजेपी पार्टी के सहयोग से भारी मतों से चुनाव जीता था। लेकिन राज्यसभा चुनाव में शोभारानी कुशवाह ने पार्टी से गद्दारी कर कांग्रेस का समर्थन कर दिया था। उन्होंने बताया कि धौलपुर विधानसभा क्षेत्र से डॉ. शिवचरण कुशवाह को प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर शोभारानी कुशवाह को सबक सिखाए।

वसुंधरा राजे ने कार्यकर्ताओं से कहा कि राज्य में 25 नवंबर को चुनाव होने हैं। गिले-शिकवे भुलाकर एक मंच पर बैठकर पार्टी के लिए काम करना होगा। आने वाले समय में बीजेपी पार्टी सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा किये गये वादे विफल हो गये हैं। कांग्रेस की वादाखिलाफी के खिलाफ लोगों में गुस्सा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को एकजुट होने की जरूरत है।

जिले के धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी और राजाखेड़ा विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मिलने पहुंचे थे। पश्चिमी राजस्थान से भी कुछ नेता पूर्व सीएम से मिलने पहुंचे हैं। पूर्व विधायक शिवराम कुशवाह, प्रशांत परमार, हरि निवास प्रधान, बांकेलाल लोधी, रामदीन कुशवाह, मदन कोली आदि ने टिकट की मांग रखी है।