पति ने दहेज के लिए पत्नी को चारपाई से बांधकर उसके शरीर को गर्म तलवार से दागा। महिला पति की प्रताड़ना के बाद अपनी जान बचाकर पड़ोसियों के घर पहुंची, जहां पड़ोसियों ने महिला के परिजनों को सूचना देकर बुलाया। सूचना पर पीहर पक्ष के लोग महिला को घायल अवस्था में अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। मामला धौलपुर जिले के सरमथुरा थाना इलाके के हरलाल पुरा गांव का है।

पीड़िता रूबी (34) पुत्री भगवान सिंह ने बताया- 15 साल पहले उसकी शादी हरलाल पुरा गांव निवासी गोरेलाल से हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति दहेज की मांग कर रहा था। 15 साल से वह अपने पति के अत्याचार सहती आ रही है। शादी के बाद 4 बच्चे होने के बाद भी उसके पति की क्रूरता कम नहीं हुई। बुधवार शाम आरोपी पति ने उसके हाथ-पैर चारपाई से बांध दिए।

आरोपी ने उसे चारपाई से बांधने के बाद गर्म तलवार पुरे शरीर पर जगह-जगह दाग दिया। घायल महिला रूबी ने कहा- बुधवार की शाम आरोपी पति ने गर्म तलवार से दागने के पैसे नहीं लाने पर उसके बच्चों को गोली खिलाकर जान से मारने की धमकी दी। वह अपने बच्चों को भी पति से बचाकर अपने साथ ले आई है। जिन्हें ननिहाल में रखा गया है।

महिला रूबी ने बताया- पति पहले पत्थर खदानों में मजदूरी करते थे। कुछ साल पहले उसने पत्थर का काम छोड़कर दूसरे जिलों में मार्बल लगाने का काम शुरू कर दिया। घर में महिला के अलावा उसके चार बच्चे मौजूद हैं। जिसमें सबसे बड़ा बेटा संदीप (11), बेटी गुड़िया (7), बेटा रोहित (4) और बेटा हिमांशु (6 माह) है। घायल महिला की मां मुन्नी देवी ने बताया कि शादी के दो साल बाद से बेटी का पति कार और पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। नहीं देने पर उसकी बेटी के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है।