श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में पहली गिरफ्तारी हुई। साजिशकर्ताओं में शामिल रामवीर पुत्र सतवीर निवासी सुरेटी पिलानियां थाना सतनाली जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) को जयपुर पुलिस ने उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है। नितिन फौजी का रामवीर करीबी दोस्त है।

बदमाश रामवीर ने ही सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाले शूटर नितिन फौजी के लिए जयपुर में पूरा इंतजाम किया था। 5 दिसंबर को गोगामेड़ी की श्याम नगर स्थित उसके घर पर अंधाधुंध फायरिंग कर नितिन फौजी और रोहित राठौड़ ने हत्या कर दी थी। हत्या के बाद रामवीर नितिन फौजी और रोहित राठौड़ को अपनी बाइक पर बगरू टोल प्लाजा से आगे ले गया था। उन्हें राजस्थान रोडवेज की नागौर डिपो की बस में बैठाकर भगा दिया।

उसने एक लड़के का फोन लेकर बस में से किसी को कॉल किया था। डीडवाना पहुंचने के बाद भी दोनों शूटरों ने एक ड्राइवर को कॉल करके बुलाया और स्विफ्ट कार किराए पर ली। दोनों शूटर एक ही कार में सुजानगढ़ पहुंचे। यहां से वे दिल्ली की बस में सवार होकर भाग निकले।