धौलपुर। पंजीपुरा गांव में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मामूली विवाद हो गया। मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर आमने-सामने आ गए। करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से पथराव और फायरिंग हुई।

बदमाशों ने छत पर चढ़कर फायरिंग भी की। गोलियां चलने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। गोली के छर्रे लगने से आधा दर्जन से अधिक पुरुष व बच्चे घायल हो गये हैं। फायरिंग से गांव में अफरातफरी मच गई। पुरुष, महिलाएं और बच्चों ने घरों में घुसकर अपनी जान बचाई।

इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। लेकिन पुलिस को देखकर बदमाश भाग गये। पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से बाड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों में 20 वर्षीय सचिन पुत्र रवि और 23 वर्षीय जगन सिंह पुत्र भरत सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहीं अन्य घायलों का बाड़ी में इलाज चल रहा है। लाठी-भाटा जंग और फायरिंग के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। उधर, घटना के संबंध में थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि घायलों को भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा सभी का लिखित बयान लिया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बदमाशों के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

उधर, घटना के बाद बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर समाज के लोगों से अपील की है। अपील में मलिंगा ने कहा कि चुनाव संपन्न हो चुके हैं। जिसके भाग्य में जय और पराजय होगी वह उसे प्राप्त होगी। समाज के लोगों को वैमनस्यता भुलाकर भाईचारा स्थापित करना चाहिए।