जयपुर के कानोता बांध में नवजात बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को प्लास्टिक की थैली में बांध कर पानी में फेंक दिया गया था। दो दिन तक पानी में पड़े रहने के कारण शव फूल गया तो पानी के ऊपर आ गया। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने शव को कानोता बांध से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

हैड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे मित्तल कॉलेज के पास कानोता बांध में एक नवजात का शव पड़ा देखा। बच्चे का शव पानी में पड़ा होने की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गयी। सूचना पर जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। नवजात का शव बांध के पास पानी की सतह पर प्लास्टिक की थैली में बंधा हुआ मिला। पुलिस ने नवजात शिशु के शव को बाहर निकाला। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया।

पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि नवजात शिशु का जन्म करीब 2-3 दिन पहले हुआ है। जन्म के तुरंत बाद नवजात को प्लास्टिक के बड़े थैले में बांधकर कानोता बांध में फेंक दिया गया। देखने पर ऐसा लग रहा है कि शव करीब 2 दिन पुराना है। दो दिन तक पानी में पड़े रहने के कारण शव फूलकर पानी के ऊपर आ गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खारवालों की ढाणी जयसिंहपुरा खोर निवासी राजेश सिंह ने पुलिस को फोन कर सूचना दी थी। राजेश सिंह ने बताया कि वह बाइक से सुमेल से अपने घर लौट रहा था। निकलते समय कानोता बांध के पास किनारे पर बच्चे का शव नजर आया। नवजात बच्चे का शव प्लास्टिक की थैली में बंधा हुआ था। उसकी नाभि में चिमटी लगी हुई थी और पैरों में पैरों में नलकियां लगी थी।