सीकर के रामगढ़ कस्बे के एक गांव में आज दोपहर 12 बजे एक नाबालिग लड़की (15) का शव कुएं में मिला। बच्ची शनिवार रात एक बजे से लापता थी। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को रामगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है।

लड़की के परिजनों ने बताया कि नाबालिग लड़की मूल रूप से चूरू की रहने वाली है। यहीं उसका ननिहाल है। यहीं वह दसवीं कक्षा में पढ़ रही थी। परिजनों का आरोप है कि रात करीब एक बजे गांव के ही तीन युवक उनके घर आये और धमकाया। इसके बाद तीनों युवक चले गए। कुछ देर बाद जब घर के अंदर देखा तो लड़की भी वहां नहीं थी।

इसके बाद हमने गांव में लड़की की तलाश की। लेकिन वह नहीं मिली। सुबह में रामगढ थाना आकर रामगढ पुलिस को सूचना दी। जिस पर रामगढ़ पुलिस ने गांव में लड़की की तलाश की। पुलिस ने जब गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पता चला कि लड़की गांव से बाहर नहीं गई थी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर गांव के कुओं में तलाश की तो गांव के पास एक कुएं में उसका शव मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर रामगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया।

नाबालिग लड़की के परिजनों ने तीन लड़कों पर रेप और हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों ने अस्पताल परिसर में धरना दिया और एसडीएम को मांग पत्र सौंपा। लोगों की मांग है कि आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उनकी संपत्ति जब्त की जानी चाहिए। परिवार को मुआवजा मिलना चाहिए।