दौसा पुलिस के जांबाज कांस्टेबल प्रह्लाद ने आज दुनिया को अलविदा कह दिया। दौसा के दुब्बी में पुलिस टीम पर फायरिंग हुई। जिसमें कालाखोह में बदमाशों ने कांस्टेबल प्रहलाद सिंह राजावत को सिर में गोली मार दी। घायल कांस्टेबल प्रहलाद सिंह की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिससे पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है।

बता दें कि कांस्टेबल प्रह्लाद सिंह उन तीन दौसा डीएसटी जवानों में शामिल थे जो 23 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे बदमाशों का पीछा करने निकले थे। प्रह्लाद सिंह को बदमाशों ने सिर में गोली मार दी। जिसके बाद गंभीर हालत के चलते प्रह्लाद सिंह का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में ऑपरेशन किया गया और बांगड़ परिसर में इलाज चल रहा था। वहीं इलाज के दौरान आज प्रहलाद सिंह राजावत की मौत हो गई।

प्रहलाद सिंह राजावत मूलतः सीकर जिले के नीमकाथाना के रहने वाले थे। राजावत दौसा के सदर थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात रहने के साथ डीएसटी का हिस्सा बने रहे। दौसा पुलिस कांस्टेबल प्रह्लाद सिंह की मौत की खबर सुनकर पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

कांस्टेबल प्रहलाद 2008 में पुलिस में शामिल हुए थे। प्रहलाद का जन्म 10 जुलाई 1989 को हुआ था। वह 12 मई 2021 से लगातार डीएसटी टीम का हिस्सा हैं। प्रहलाद सिंह राजावत का ननिहाल और ससुराल दौसा जिले में ही है। बताया जा रहा है कि एसएमएस अस्पताल में भर्ती प्रह्लाद सिंह की तबीयत गुरुवार देर शाम बिगड़ने लगी। जिसके बाद प्रह्लाद सिंह राजावत ने दुनिया को अलविदा कह दिया। आज यह खबर सुनकर उनके परिजन और पुलिस विभाग शोक में डूब गया।