भरतपुर। बीते कुछ दिनों से देशभर में मौसम बिगाड़ा हुआ है। कई राज्यों में बेमौसम की बारिश आफत बनकर आई है। राजस्थान में भी बारिश और ओलावृष्टि की वजह से किसानों की रबी की फसले खराब हो गई है। प्रदेश के भरतपुर जिले में के पहाड़ी थाना इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां तेज आंधी के साथ भारी बरसात और ओलावृष्टि हुई थी, जिसमें एक कच्ची दीवार गिरने से उसमें 6 मजदूर दब गए। इसकी वजह से सभी मजदूर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां तीन मजदूरों की हालत गंभीर होने पर उनको जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।

सरकारी बिल्डिंग का चल रहा था निमार्ण कार्य
घटना का पता चलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी तो पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि पहाड़ी थाना क्षेत्र के गांव जसौति में सरकारी कॉलेज की बिल्डिंग का निमार्ण कार्य चल रहा है। कुछ मजदूर बाहर के भी हैं जो वहां सरकारी कॉलेज का निर्माण कार्य कर रहे हैं।

दीवार गिरने से दबे 6 मजदूर
हादसे के समय मजदूर उसी परिसर में टीन शेड लगाकर सोए हुए थे। तभी तेज आंधी और बरसात की वजह से कच्ची दीवार गिर पड़ी। जिसमें 6 मजदूर दब गए। सूचना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

3 की हालत गंभीर
घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दीवार गिरने की घटना का पता ग्रामीणों को लगा तो वे मौके पर पहुंचे और सभी मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दीवार के मलबे में दबे सभी छह मजदूरों को बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन उनमें से तीन गंभीर घायल मजदूरों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।

बीकानेर-अलवर में गिरे ओले, किसानों को नुकसान
अलवर के राजगढ़, टहला व थानागाजी के आसपास कई जगहों पर एक.एक फीट तक ओले जम गए हैं। दिन में ओले गिरने के बाद रात को बारिश हुई। खेतों में कटी और खड़ी दोनों तरह की फसल चौपट हो गई। वहीं, बीकानेर के लूणकरनसर में पिछले दिनों में तीन बार ओले गिरे। इसने किसान की हालत खराब कर दी है। चने और सरसों की करीब अस्सी फीसदी फसल खराब हो गई है।

अब अगले सात दिन मौसम शुष्क रहेगा
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक राज्य में आज से मौसम शुष्क होने लगेगा। अगले 7 दिन तक बारिश.ओलावृष्टि नहीं होगी। 31 मार्च तक प्रदेश में आसमान साफ रहने के साथ धूप निकलेगी और तापमान भी बढ़ेगा। संभावना है कि अप्रैल के पहले सप्ताह में एक नया सिस्टम फिर से एक्टिव हो सकता है।