news of Rajasthan
Congress was embarrassed by statements of CP Joshi on PM Modi.

राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सीपी जोशी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की  जाति और धर्म के बारे में विवादित बयान देकर फंस गए हैं। गुरुवार को सीपी जोशी ने नाथद्वारा के सेमा गांव में चुनावी सभा की थी। इस दौरान उन्होंने कहा, “ऋतंभरा और मोदी की जाति क्या है, ये हिंदू धर्म के बारे में कैसे बात करते हैं? इस देश में अगर धर्म के बारे में कोई जानता है तो ब्राह्मण जानता है। ब्राह्मण ही धर्म के बारे में बोल सकता है। अजीब देश हो गया है। उमा भारती लोधी समाज की हैं और वो हिंदू धर्म की बात कर रही हैं।” हालांकि इस बयान पर कांग्रेस की चारोंओर हो रही किरकिरी को देखते हुए राहुल गांधी की फटकार के बाद जोशी ने बयान पर माफी मांग ली है।

news of Rajasthan
Image: कांग्रेस वरिष्ठ नेता सीपी जोशी और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी.

जोशी को अपनी गलती का अहसास होगा: राहुल गांधी

पूर्व केन्द्रीय मंत्री और राजस्थान के नाथद्वारा से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सीपी जोशी द्वारा की गई जातिगत टिप्पणी पर शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ऐतराज जताया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “सीपी जोशी जी का बयान कांग्रेस के आदर्शों के विपरीत है।” राहुल ने कहा कि जोशीजी को अपनी गलती का अहसास होगा, बयान पर खेद प्रकट करना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी राहुल गांधी की बात का समर्थन किया है। गहलोत ने कहा कि सीपी जोशी को इस तरह के बयान नहीं देना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य में विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीपी जोशी को फटकार तो लगाई ही साथ ही यह भी कहा कि पार्टी के किसी भी नेता को इस तरह के बयानों से बचना चाहिए। राहुल ने अपने सभी नेताओं को चुनाव माहौल खराब करने वाले बयानों से बचने की सख्त हिदायत दी है।

Read More: राजस्थान चुनाव: जयपुर में सर्वाधिक युवा मतदाता, जैसलमेर में है सबसे कम

कोर्ट का फैसला आने के बाद कांग्रेस बनाएगी  अयोध्या में भव्य मंदिर

विवादित बयान देकर फंसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी ने इससे पहले बुधवार को कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनवाएगी। जोशी ने कहा कि बीजेपी में लोग कानून व संविधान को समझते हैं, इसलिए यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे लोगों की भावनाओं को समझे। सीपी जोशी ने यहां तक की देश की सभी रियासतों को एक करने वाले सरदार वल्लभभाई पटेल पर भी सवाल उठा दिए। जोशी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल नेहरू की कैबिनेट में थे। पटेल की भारत के एकीकरण की योजना को नेहरू का समर्थन प्राप्त था। पटेल ने नेहरू की सहमति के बिना कुछ भी नहीं किया।